भगवानपुर टोल प्लाजा के पास एक युवक की ट्रक से कुचलकर हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि मृतक की लगातार अश्लील टिप्पणियों और आपत्तिजनक व्यवहार से तंग आकर उसने गुस्से में ट्रक चढ़ाकर उसकी हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार 4 मार्च को प्रताप कॉलोनी निवासी एक महिला ने भगवानपुर थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि ट्रक चालक राजीव पुत्र शीशपाल निवासी मलकपुर, जिला बागपत (उत्तर प्रदेश) ने उसके पति राहुल कुमार को पुरानी रंजिश के चलते भगवानपुर टोल प्लाजा के पास अपने ट्रक नंबर UP17BT-8882 से कुचलकर मार डाला। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 5 मार्च को आरोपी राजीव को दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पिछले कई वर्षों से रुहालकी गांव में एक महिला के साथ रह रहा है और दोनों का एक चार वर्षीय बेटा भी है। मृतक राहुल होटल में खाना बनाने का काम करता था और दोनों के बीच अक्सर उठना-बैठना तथा शराब पीना होता था। आरोपी के अनुसार शराब के नशे में राहुल अक्सर उसकी भांजियों के बारे में आपत्तिजनक और अश्लील बातें करता था। कई बार समझाने के बावजूद वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आता था। होली के दिन 4 मार्च को दोनों ने भगवानपुर टोल के पास ट्रक में बैठकर शराब पी और खाना खाया। इसी दौरान राहुल फिर से उसकी भांजियों को लेकर अपशब्द कहने लगा, जिससे गुस्से में आकर आरोपी ने उसे ट्रक से उतरने को कहा और जैसे ही वह सड़क की ओर बढ़ा, आरोपी ने ट्रक चढ़ाकर उसे कुचल दिया। हत्या के बाद आरोपी ट्रक लेकर नन्हेड़ा रोड पहुंचा और वहीं वाहन खड़ा कर ट्रक में ही लेट गया। पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर ट्रक को बरामद कर लिया है और आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

