सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने अवगत कराया कि सड़क सुरक्षा एवं वाहनों के सुरक्षित संचालन को लेकर जनपद हरिद्वार में परिवहन विभाग का सघन चेकिंग अभियान लगातार जारी है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों पर सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सुश्री नेहा झा एवं सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) निखिल शर्मा के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान विभिन्न उल्लंघनों पर कुल 120 वाहनों के चालान किए गए तथा 35 वाहनों को सीज किया गया।

अभियान के अन्तर्गत लग्जरी बसों की जाँच एवं तकनीकी निरीक्षण को विशेष प्राथमिकता दी गई। सम्भागीय निरीक्षक (प्राविधिक) श्री आनन्द वर्धन की मौजूदगी में बसों की तकनीकी स्थिति तथा निर्धारित मानकों के अनुपालन की जाँच की गई। इस दौरान फिटनेस, परमिट एवं अन्य आवश्यक अभिलेखों के साथ वाहन की वास्तविक स्थिति का भी परीक्षण किया गया।

लग्जरी बसों के संचालन में यात्री सुरक्षा को केन्द्र में रखते हुए तकनीकी निरीक्षण की कार्रवाई लगातार जारी है। अभियान के दौरान 12 लग्जरी बसों के चालान किए गए तथा 2 लग्जरी बसों को सीज किया गया। यह कार्रवाई कुल 120 चालान एवं 35 सीज वाहनों के आँकड़ों में सम्मिलित है।
चेकिंग अभियान में स्कूल बसों को भी शामिल किया गया। स्कूली बच्चों के सुरक्षित आवागमन को ध्यान में रखते हुए वाहनों की फिटनेस, आवश्यक अभिलेखों तथा निर्धारित सुरक्षा शर्तों के अनुपालन की जाँच की गई। स्कूल वाहन संचालकों की जिम्मेदारी है कि बच्चों के परिवहन में प्रयुक्त वाहन तकनीकी रूप से दुरुस्त हों और उनका संचालन निर्धारित नियमों के अनुरूप किया जाए।
लग्जरी एवं स्कूल बसों के अतिरिक्त अन्य यात्री वाहनों तथा मालवाहक वाहनों की भी जाँच की गई। वाहन की श्रेणी के अनुसार आवश्यक अभिलेखों, अनुमन्य उपयोग एवं संचालन सम्बन्धी शर्तों के अनुपालन को परखा गया। जाँच में सामने आए उल्लंघनों के आधार पर सम्बन्धित वाहनों के विरुद्ध चालान एवं सीज करने की कार्रवाई की गई।

अभियान में दस्तावेजों के सत्यापन के साथ वाहनों की वास्तविक तकनीकी स्थिति पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि सड़क पर संचालित वाहनों में सुरक्षा सम्बन्धी कमियों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।
परिवहन विभाग ने वाहन स्वामियों एवं संचालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों की नियमित जाँच एवं आवश्यक मरम्मत कराएं। वाहन की फिटनेस, परमिट, बीमा तथा अन्य लागू अभिलेख अद्यतन रखें और निर्धारित क्षमता एवं अनुमन्य शर्तों के अनुरूप ही संचालन करें।
जनपद में लग्जरी बसों की तकनीकी जाँच तथा स्कूल बसों, अन्य यात्री एवं मालवाहक वाहनों के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा। सड़क सुरक्षा से जुड़े उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


