कांग्रेस पार्षदों ने गोल्फ कार्ट कंपनी को निःशुल्क दी गयी भूमि वापस लेने की मांग की।

राजनीति हरिद्वार

पूर्व सभासद अशोक शर्मा के संयोजन में कांग्रेस पार्षदों ने गोल्फ कार्ट संचालन के लिए निःशुल्क दी गई भूमि वापस लिए जाने की मांग करते हुए सहायक नगर आयुक्त को ज्ञापन दिया। पूर्व सभासद अशोक शर्मा ने कहा कि बोर्ड में प्रस्ताव लाए बिना ही नियमों को ताक पर रखकर देवपुरा स्थित पुरानी आईटीआई की भूमि गोल्फ कार्ट का संचालन करने वाली कंपनी को निःशुल्क दे दी गयी। अशोक शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्षद इस संबंध में कई बार विरोध जता चुका है। नगर निगम अधिकारियों को अवगत कराते हुए ज्ञापन भी दिया गया। लेकिन अधिकारी एक दूसरे पर पल्ला झाड़ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भूमि का आवंटन निजी स्वार्थ को लेकर किया गया है। जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अशोक शर्मा ने कहा कि निःशुल्क भूमि आवंटन करने का किसी को कोई अधिकार नहीं है। हरिद्वार की जनता के साथ धोखा किया जा रहा है। टेंडर प्रक्रिया को भी दरकिनार किया गया है। भूमि आवंटित करते हुए निगम की आय का भी ध्यान नहीं रखा गया। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भूमि वापस नहीं ली गई तो अधिकारियों का घेराव किया जाएगा। आंदोलन भी करना पड़ा तो कांग्रेस पीछे नहीं हटेगी। पार्षद सुनील कुमार ने कहा कि अधिकारियों को बताना चाहिए कि नगर निगम बोर्ड की जानकारी के बिना देवपुरा स्थित पुरानी आईटीआई की भूमि आवंटन किसके कहने पर किया गया है। उन्होंने कहा कि बार-बार पूछने के बाद भी नगर निगम के अधिकारी भूमि आवंटन को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं कर रहे हैं। पार्षदों और जनता को गुमराह करने का काम किया जा रहा है। ज्ञापन सौंपने वालों में पुलकित, सुमित त्यागी, सन्नी कुमार, हरद्वारी लाल आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *