बद्रीनाथ धाम से देहरादून आ रहा हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हुआ, चालक सहित छह लोगों की मृत्यु की आशंका।

चार धाम यात्रा दुर्घटना

उत्तराखंड के चमोली जिले में बद्रीनाथ धाम से लौट रहा एक निजी कंपनी का हेलीकॉप्टर जोशीमठ के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। यह दुखद हादसा शुक्रवार दोपहर को खराब मौसम और भारी बर्फबारी के बीच हुआ, जिसमें सवार सभी 6 लोगों की मौत की आशंका व्यक्त की जा रही है। इस घटना का विडियो भी सामने आया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार हेलीकॉप्टर ने दोपहर लगभग 1:14 से 2:15 बजे के बीच बद्रीनाथ धाम से देहरादून के सहस्त्रधारा के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद जोशीमठ क्षेत्र के चाई और थायंग गांव के ऊपर इसका संपर्क टूट गया।
इस चार्टर्ड हेलीकॉप्टर में पायलट कैप्टन हिमांशु सहित कुल छह लोग सवार थे। यात्रियों में प्रतापा,अरुण, शंकर गौड़ा, सुधीर के. और एच.एस. नटराज शामिल हैं। वहीं, एहतियाती कदम उठाते हुए UCADA ने ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड के पूरे हेलीकॉप्टर बेड़े को फिलहाल ग्राउंड कर दिया है।
शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, पहाड़ी इलाके में अचानक बदला खराब मौसम, कोहरा और भारी बर्फबारी इस क्रैश की मुख्य वजह माने जा रहे हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस, आपदा प्रबंधन विभाग और SDRF की टीमों ने संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है। घने कोहरे और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के कारण शुरुआत में लोकेशन ट्रेस करने में दिक्कतें आईं, जिसके बाद ड्रोन और सेना (Army) की मदद से मलबे की तलाश की जा रही है।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस घटना पर दुख व्यक्त किया है और वे खुद राहत कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं।

चूंकि राहत और बचाव कार्य अभी भी जारी हैं और मृतकों व यात्रियों की आधिकारिक सूची से जुड़ी विस्तृत जानकारी आना बाकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *