आंगनबाड़ी केंद्र है बच्चों के भविष्य की बुनियाद रखने का प्रथम आयाम: रेखा आर्या,आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम में 202 लाभार्थियों को वितरित की गई महालक्ष्मी, तेजस्विनी, रोजगार एवं पोषण किट।

हरिद्वार


विभागीय मंत्री रेखा आर्या  ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और आशा बहनों का किया सम्मान, कहा आंगनबाड़ी बहने पहुंचा रहीं योजनाओं का लाभ जरूरतमंद परिवारों तक।महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या आज जनपद हरिद्वार स्थित चांदपुर आंगनबाड़ी केंद्र पहुंची। उन्होंने जनपद हरिद्वार में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आयोजित ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम में सम्मिलित होकर फेरुपुर न्याय पंचायत के आंगनबाड़ी केंद्र चांदपुर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय में माताओं, बहनों, किशोरियों और नन्हे बच्चों से संवाद किया। इस दौरान उनकी आवश्यकताओं एवं समस्याओं को सुना।

कार्यक्रम में 202 लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट, तेजस्विनी किट, रोजगार किट, पोषण किट सहित विभिन्न लाभकारी किट वितरित की गईं। साथ ही अपने-अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं एवं आशा बहनों को सम्मानित किया गया।

मंत्री रेखा आर्या ने कहा गया कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। वे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और जागरूकता के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है. हमारी आंगनबाड़ी बहनें सरकार और लाभार्थी परिवारों के बीच महत्वपूर्ण दायित्व निभाती हैं। उनके समर्पण और मेहनत से योजनाओं का लाभ जरूरतमंद परिवारों तक पहुंच रहा है। उनके उत्कृष्ट कार्य को प्रोत्साहित और सम्मानित करना सरकार की प्राथमिकता है।
कार्यक्रम के दौरान सात महिलाओं की गोद भराई की रस्म भी संपन्न कराई गई। इसके साथ ही नन्हे-मुन्ने बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। इस अवसर पर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा पोषण के महत्व को लेकर भी संवाद किया गया।

इस अवसर पर विभागीय मंत्री रेखा आर्य ने चांदपुर आंगनबाड़ी केंद्र तृतीय का शुभारंभ भी किया गया। साथ ही केंद्र में उपस्थित नन्हे-मुन्ने बच्चों के साथ भोजन कर संवाद  किया और उनके साथ समय बिताया। उन्होंने बच्चों से आंगनबाड़ी केंद्र में उन्हें क्या दिक्कत या असुविधा हो रही है इसके बारे में भी पूछा। विभागीय मंत्री को अपने बीच बैठकर भोजन ग्रहण करते हुए देखकर नन्हे मुन्ने बच्चे काफी उत्साहित नजर आए।

महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल सरकारी योजनाओं के संचालन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि हमारे नन्हे बच्चों के भविष्य की बुनियाद रखने वाले महत्वपूर्ण केंद्र हैं। बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा को मजबूत बनाने में इन केंद्रों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।


विभागीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जी के नेतृत्व में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा महिलाओं, किशोरियों और बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा एवं स्वावलंबन के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। सरकार का उद्देश्य है कि इन योजनाओं का लाभ हर पात्र परिवार और समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े लाभार्थी तक पहुंचे। इसी दिशा में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और आशा बहनों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है।

इस अवसर पर कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा , मेयर किरण जैसल , ब्लॉक प्रमुख आशा नेगी , मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्र , जिला कार्यक्रम अधिकारी अविनाश भदोरिया , बाल विकास परियोजना अधिकारी गीता शर्मा , सुलेखा सहगल , वर्षा शर्मा , महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रीति गुप्ता , मंडल अध्यक्ष राकेश सैनी सहित विभागीय अधिकारीगण, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं आंगनबाड़ी बहनें उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *