कोतवाली रूडकी क्षेत्रान्तर्गत गांव झाबरेडी कलां में शनिवार की सुबह बहन के प्रेम प्रसंग से नाराज युवक ने प्रेमी और अपनी बहन को गोली मार दी, घटना से गांव में हड़कम्प मच गया। घायलों को उनके परिजन उपचार के लिए हॉस्पिटल ले गए, जहां उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई।सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाने के बाद आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर ने जानकारी देते हुए बताया कि गांव झबरेडी कलां रूडकी निवासी अमन को अपनी बहन का पडोसी युवक मुन्ना उर्फ सूरज से प्रेम प्रसंग का शक था। युवक और बहन से नाराज था। अमन आज सुबह तमंचा लेकर सुरज के घर पर पहुंचा और लेटे हुए मुन्ना को गोली मार दी। कि अमन इस घटना को अंजाम देने के बाद अपने घर पहुंचा और अपनी बहन रूपा को गोली मार दी। गांव में दोनों घटनाओं से हड़कम्प मच गया। परिजन घायलों को उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां पर उनकी मृत्यु हो गई। एसपी ने बताया कि अमन आवारा किस्म का लड़का है जो पहले भी गोलीबारी की वारदात कर चुका है और काफी समय जेल में बिता चुका है। उन्होंने बताया कि अमन की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम में गठित कर दी गई है और उसकी शीघ्र गिरफ्तारी के प्रयास किए जाएंगे। एसपी देहात अभय प्रताप सिंह समेत पुलिस बल ने मौके पर पहुंच कर घटना की जानकारी जुटाने के बाद हत्यारोपी अमन की तलाश शुरू कर दी है। बताया जा रहा हैं कि घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

