हरिद्वार में कांग्रेस जनों द्वारा मायापुर और ऋषिकुल कार्यालयों में पंडित जवाहरलाल नेहरू को दी गई श्रद्धांजलि।

राजनीति सम्मान हरिद्वार

महानगर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दी पंडित जवाहर लाल नेहरू को श्रद्धांजलि
भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की 137वीं जयंती के अवसर पर महानगर कांग्रेस कमेटी के मायापुर स्थित कार्यालय में कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर आयोजित विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग ने कहा कि पंडित नेहरू ने देश की आज़ादी के लिए वर्षों जेल में बिताए, जब उन्हें स्वतंत्र भारत का नेतृत्व करने की ज़िम्मेदारी मिली, तब देश विभाजन की पीड़ा और संसाधनों की कमी से जूझ रहा था। ऐसे समय में उन्होंने संसद में खुली बहस और जनता के प्रति सरकार की जवाबदेही को महत्व दिया। उनके सार्वजनिक जीवन से कार्यकर्ताओं को एक सीख मिलती है कि जनता को सवाल पूछने का अधिकार है और जनप्रतिनिधि का दायित्व है कि वह उन सवालों को सुने और उनका उत्तर दे। महिला कांग्रेस की महानगर अध्यक्ष लता जोशी और ब्लॉक अध्यक्ष रचना शर्मा ने कहा पंडित नेहरू बच्चों की जिज्ञासा को बहुत महत्व देते थे। यूथ कांग्रेस के प्रदेश महासचिव उत्कर्ष वालिया और एनएसयूआई के महानगर अध्यक्ष याज्ञिक वर्मा ने कहा कि पंडित नेहरू ने देश की प्रगति में शिक्षा और विज्ञान की भूमिका को बहुत पहले पहचान लिया था। उनके कार्यकाल में स्थापित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों और अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान जैसे सार्वजनिक संस्थानों ने देश में ही इंजीनियरों, चिकित्सकों और शोधकर्ताओं की पीढ़ियां तैयार करने की नींव रखी। यूथ कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष एडवोकेट विवेक जागरिया, यश शर्मा, पार्षद हिमांशु गुप्ता, महानगर कांग्रेस सचिव आशीष प्रधान, महिला कांग्रेस प्रदेश महासचिव शशि झा, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि सागर ठाकुर, छात्र नेता तन्वी गुप्ता, तनुज गुप्ता, पायल सैनी, ओम कश्यप, राहुल यादव, नितिन रावत, छवि त्यागी, आदित्य गोसाईं, कनिका रतूड़ी, छवि, हरि नारायण, शिवांगी आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।


ऋषिकुल कार्यालय पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया पंडित नेहरू को नमन
देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर नमन किया। ऋषिकुल स्थित कार्यालय पर पंडितम नेहरू को नमन करते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी और सोम त्यागी ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू केवल देश के प्रथम प्रधानमंत्री ही नहीं, बल्कि आधुनिक, वैज्ञानिक और प्रगतिशील भारत की मजबूत नींव रखने वाले महान दूरदर्शी नेता थे।

उन्होंने कहा कि पंडित नेहरू ने देश की आजादी के आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और स्वतंत्रता के बाद भारत को लोकतांत्रिक, धर्मनिरपेक्ष एवं मजबूत राष्ट्र बनाने के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उनके कार्यकाल में शिक्षा, विज्ञान, तकनीक, उद्योग, चिकित्सा और अनुसंधान के क्षेत्र में मजबूत संस्थानों की स्थापना हुई, जिन्होंने आधुनिक भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि पंडित नेहरू बच्चों से विशेष स्नेह रखते थे। बच्चे उन्हें प्यार से चाचा नेहरू कहते थे। उनका मानना था कि बच्चे ही देश का भविष्य हैं और उनके बेहतर शिक्षा एवं संस्कार से ही मजबूत राष्ट्र का निर्माण संभव है। इसी भावना के साथ उनकी जयंती को बाल दिवस के रूप में भी मनाया जाता है। कहा कि आज देश को पंडित नेहरू के लोकतांत्रिक मूल्यों, वैज्ञानिक सोच, सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे के विचारों को अपनाने की आवश्यकता है। यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस अवसर पर राजू चित्कारा, धर्मराज सैनी, जवाहर चावला, जावेद आलम, कमल सैनी, नेकीराम, शिवम वाल्मीकि, प्रेम सिंह, आनंद, अनूप, इशांत जांगीड़, सोमपाल, राजेश, अंशुल, सोनू सैनी, प्रिंस गैरोला, पप्पू, अनूप ठेकेदार आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *