10 फीट चौड़ाई एवं 12 फीट ऊंचाई से अधिक मानकों के विपरीत बनी कांवड़ एवं डीजे को नारसन बॉर्डर से लौटाया जा रहा है, प्रशासन ने की गाइडलाइंस पालन करने की अपील।

कांवड़ यात्रा हरिद्वार

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने संबंधित अधिकारियों को दिए निर्देश— मानक के विपरीत नियमों का पालन न करने वाले डीजे एवं कांवड़ को किसी भी दशा में जनपद में प्रवेश न दिया जाए

श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, प्रशासन की गाइडलाइन का पालन करने की अपील

10 फीट चौड़ाई एवं 12 फीट ऊंचाई से अधिक मानकों के विपरीत कांवड़ एवं डीजे को नारसन बॉर्डर से लौटाया जा रहा है

कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुचारु यातायात व्यवस्था एवं कानून-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकार मयूर दीक्षित एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने गुरुवार को जनपद की सीमा पर स्थित नारसन बॉर्डर का स्थलीय निरीक्षण किया। भारी वर्षा के बावजूद दोनों अधिकारियों ने सीमा पर तैनात प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों से यात्रा व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन द्वारा निर्धारित मानकों के विपरीत किसी भी डीजे अथवा कांवड़ को किसी भी परिस्थिति में जनपद हरिद्वार की सीमा में प्रवेश न दिया जाए। उन्होंने कहा कि निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि कांवड़ यात्रा करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का पर्व है और इसकी गरिमा एवं सुरक्षा बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की दुर्घटना अथवा अव्यवस्था की संभावना को रोकने के लिए सभी सुरक्षा मानकों का कठोरता से पालन कराया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा मार्गों पर निरंतर निगरानी बनाए रखें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीमा पर प्रत्येक वाहन, डीजे एवं कांवड़ की गहन जांच की जाए तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और यात्रा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
नारसन चौकी इंचार्ज आनंद मेहरा ने जानकारी देते हुए बताया कि विगत चार दिनों के दौरान निर्धारित मानकों का उल्लंघन करते हुए जनपद में प्रवेश करने का प्रयास कर रहे 100 से अधिक डीजे एवं कांवड़ वाहनों को नारसन बॉर्डर से वापस भेजा जा चुका है। उन्होंने बताया कि सीमा पर लगातार पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त टीम तैनात है, जो प्रत्येक वाहन की गहन जांच कर रही है और केवल निर्धारित मानकों के अनुरूप वाहनों को ही जनपद में प्रवेश दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *