सोमवती अमावस्या के पावन अवसर पर धर्मनगरी हरिद्वार में श्रद्धालुओं का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ा। हर की पैड़ी सहित विभिन्न गंगा घाटों पर देर शाम आरती दर्शन तक लगभग 76 लाख 50 हजार श्रद्धालुओं ने मां गंगा में आस्था की डुबकी लगा चुके थे। आज तड़के सुबह से ही लाखों श्रद्धालु हरिद्वार के घाटों पर स्नान के लिए पहुंचने लगे थे।
आज स्नान के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपने-अपने गंतव्यों के लिए रवाना हुए जिससे हाईवे पर बार बार जाम की स्थिति बनी। देर शाम तक भी श्रद्धालुओं का आगमन लगातार जारी रहा और स्नान का क्रम चलता रहा।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस, प्रशासन और विभिन्न विभागों ने व्यापक व्यवस्थाएं कीं। हर की पैड़ी और प्रमुख घाटों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए जिनकी जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह द्वारा लगातार निगरानी की गई।
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंधन किया गया। जल पुलिस द्वारा गंगाजी में बह रहे लोगों का रेस्क्यू किया गया।

गंगा आरती के दौरान भी घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी देखने को मिली। पुलिस और प्रशासन ने श्रद्धालुओं से संयम बरतने तथा निर्धारित व्यवस्थाओं का पालन करने की अपील की है।


