सुल्तानपुर एवं लक्सर में मिठाई निर्माण इकाइयों और दुकानों का निरीक्षण कर मिठाइयों के 07 नमूने लिए गए, अनियमितताओं पर प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी।आगामी दीपावली पर्व के दृष्टिगत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा जनपद में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। सहायक आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, हरिद्वार महिमानंद जोशी द्वारा खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीमें गठित कर जनपद के विभिन्न स्थानीय क्षेत्रों एवं जनपद की सीमाओं पर लगातार निरीक्षण एवं खाद्य पदार्थों के नमूना संग्रह की कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में दिनांक 02 नवंबर 2026 से 06 नवंबर 2026 तक विभिन्न खाद्य पदार्थों की मौके पर जांच के लिए मोबाइल खाद्य प्रयोगशाला (FSW) को जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में तैनात किया गया है।
उपायुक्त लैब बीरेन्द्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन एवं योगेन्द्र पाण्डेय की टीम द्वारा सुल्तानपुर एवं लक्सर स्थित मिठाई निर्माण इकाइयों तथा मिठाई की दुकानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान मौके पर प्रयोगशाला जांच के लिए मिठाइयों के कुल सात नमूने लिए गए। निरीक्षण के दौरान लक्सर स्थित आजाद स्वीट्स एवं खाटू श्याम स्वीट्स के निर्माण कक्ष में गंदगी पाए जाने तथा खुली मिठाइयों पर निर्माण तिथि एवं एक्सपायरी तिथि अंकित नहीं किए जाने पर नोटिस जारी किए गए। वहीं लक्ष्मी स्वीट्स पर मिठाइयों पर आवश्यक तिथियां अंकित नहीं पाए जाने पर नोटिस जारी किया गया। सुल्तानपुर स्थित मिठाई निर्माण इकाई को निर्देशित किया गया कि मिठाइयों के डिब्बों एवं ट्रे पर निर्माण तिथि, एक्सपायरी तिथि, निर्माता का नाम एवं पता तथा फूड लाइसेंस नंबर अंकित करने के बाद ही मिठाइयों की सप्लाई एवं बिक्री की जाए।
इस दौरान मोबाइल खाद्य प्रयोगशाला (FSW) द्वारा मिठाइयों, मसालों, तेल, दूध एवं दुग्ध उत्पादों सहित कुल 78 खाद्य पदार्थों की मौके पर जांच की गई, जिनमें से 13 खाद्य उत्पादों के नमूने मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। अधोमानक पाए गए खाद्य पदार्थों को मौके से हटवाया गया। साथ ही खाटू श्याम स्वीट्स से खराब हो चुकी लगभग 05 किलोग्राम मिठाइयों को भी मौके से हटवाया गया। मोबाइल खाद्य प्रयोगशाला की टीम में खाद्य विश्लेषक अनुराग मियान, लैब असिस्टेंट गौरव नेगी एवं पूरण सिंह गंगोला शामिल रहे।
इसी क्रम में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी , नगर निगम हरिद्वार कैलाश चंद्र टम्टा के नेतृत्व में विभाग की एक अन्य टीम द्वारा नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण कर नमूना संग्रह की कार्रवाई की गई।
इस अभियान के तहत दक्ष रोड,झण्डा चौक,कनखल स्थित खन्ना स्वीट हाउस का निरीक्षण किया गया, जहां मिठाई निर्माण में प्रयोग किए जा रहे चांदी के वर्क का एक नमूना जांच हेतु लिया गया। साथ ही प्रतिष्ठान में प्रदर्शित मिठाइयों पर निर्माण तिथि एवं कालातीत तिथि (यूज बाई डेट) अंकित नहीं पाए जाने पर प्रतिष्ठान स्वामी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। प्रतिष्ठान स्वामी को तीन दिन के भीतर कारण स्पष्ट करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित अवधि में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर चालानी कार्रवाई की जाएगी।
इसके अतिरिक्त शर्मा दुग्ध भण्डार, दक्ष रोड, झण्डा चौक, कनखल से खोया का नमूना तथा गुरूबख्श, कनखल स्थित वृजवासी स्वीट्स से छैना का नमूना जांच हेतु संग्रहित किया गया।
इस प्रकार खाद्य सुरक्षा विभाग की विभिन्न टीमों द्वारा जनपद में कुल 10 खाद्य पदार्थों के विधिक नमूने संग्रहित कर जांच हेतु प्रयोगशाला भेजे गए हैं। विभाग द्वारा दीपावली पर्व के दृष्टिगत खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए जनपद में विशेष अभियान लगातार जारी रखा जाएगा।


