ड्राइवर ही करवाता था सवारी से लूट,सवारी के साथ लूटपाट के मामले में ई रिक्शा चालक सहित तीन गिरफ्तार।

Police अपराध हरिद्वार

ई रिक्शा में सवार व्यक्ति के साथ हुई लूट का खुलासा करते हुए रानीपुर कोतवाली पुलिस ने ई रिक्शा चालक सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटी गयी नकदी, पीड़ित का आधार कार्ड, पैन कार्ड, जूते व लूट में प्रयुक्त ई रिक्शा बरामद किया है। मायापुर स्थित एसपी सिटी कार्यालय में पत्रकारवार्ता के दौरान खुलासा करते हुए एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि 12 सितम्बर की रात सिडकुल स्थित राजा बिस्कुट चौक से हरिद्वार जाने के लिए ई-रिक्शा में सवार हुए महादेवपुरम् निवासी पवन कुमार से केंद्रीय विद्यालय जाने वाले सुनसान रास्ते पर ई-रिक्शा चालक एवं रिक्शा में पहले से बैठे 2 अन्य व्यक्तियो ने नुकीली वस्तु पेट पर लगाकर डरा धमकाकर 10,000 रूपए, बैग, कपडे एवं जूते आदि लूट लिए थे। पीड़ित पवन कुमार की तहरीर पर मुकद्मा दर्ज करने के बाद आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस और सीआईयू टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज व सुरागरसी के आधार पर रविवार की रात लीडो क्लब जाने वाले रास्ते पर एकांत में खड़े एक ई रिक्शा में बैठे तीन संदिग्धों को दबोच लिया। आरोपियों के कब्जे से 10 हजार की नकदी, पीड़ित का आधार कार्ड, पैन कार्ड, लोहे का फर्सा, लोहे का एंगल व जूते बरामद किए गए। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों श्रवण कुमार पुत्र मूलचंद निवासी ग्राम कनपारा तहसील पुवाया थाना पुवाया जिला शाहजहांपुर उ.प्र., हाल निवासी सिडकुल बाईपास, विजय पुत्र रामजी निवासी मौहल्ला हाथीयाना बिलसंडा बिशनपुर बरेली उ.प्र. हाल निवासी रावली महदूद व आयुष उर्फ अनिकेत पुत्र राजेश निवासी ग्राम नयागांव थाना शेरकोट धामपुर बिजनौर हाल निवासी रावली महदूद ने घटना को अंजाम देना कबूल करते हुए बताया कि वह अक्सर रात के अंधेरे में अकेली सवारी को एकांत स्थान पर ले जाकर उससे लूटपाट करते हैं। पुलिस टीम में कोतवाली प्रभारी मनोहर सिंह भंडारी, एसआई सुधांशु कौशिक, एएसआई सुबोध घिल्डियाल, हेडकांस्टेबल जगदेव, विवेक गुसांई, पीएस दानू, सर्वजीत सिंह, सीआईयू इंस्पेक्टर नरेंद्र सिंह बिष्ट व कांस्टेबल वसीम शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *