रील्स बनाने के लिए गंगा जी में थार उतार दी, निकालने के लिए करनी पड़ी मशक्कत।

हरिद्वार

गंगा में थार ले जाकर स्टंट और रील बनाने का शौक पड़ा भारी, अचानक गंगा में समा गई थार कार, जानिए
सोशल मीडिया पर रील बनाने का शौक कुछ युवकों को महंगा पड़ गया। हरिद्वार के बजरीवाला क्षेत्र में कुछ युवक अपनी थार गाड़ी लेकर गंगा नदी के किनारे पहुंच गए और नदी के अंदर थार गाड़ी उतारकर स्टंट करते हुए वीडियो बनाने लगे। इसी दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के कारण गंगा का जलस्तर अचानक बढ़ने लगा। देखते ही देखते थार नदी के बीच फंस गई और कार सवारों में अफरा तफरी मच गई। सोशल मीडिया पर गाड़ी गंगा में फंसने का वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक युवक थार गाड़ी के इंजन की क्षमता मापने के लिए गंगा किनारे गए थे और गाड़ी को दौड़ा रहे थे। लेकिन अचानक गंगा का जल स्तर बढ़ गया। युवकों ने पहले गाड़ी को निकालने की कोशिश की, लेकिन पानी बढ़ने से स्थिति और गंभीर हो गई। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से थार को रस्सी से बांधकर बहने से रोका गया। सूचना मिलने पर कनखल थाना के एसएसआई अनुज सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और क्रेन मौके पर बुलाई गई, जिसकी मदद से काफी मशक्कत के बाद गाड़ी को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका। इस दौरान मौके पर लोगों की भीड़ भी जुट गई। यह घटना आसपास खड़े लोगों ने अपने मोबाइल के कैमरे मे कैद कर ली। जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। जांच में सामने आया कि स्थानीय युवक रील बनाने और स्टंट करने के उद्देश्य से वाहन को गंगा में लेकर गए थे। पुलिस ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए थार को सीज कर दिया। साथ ही संबंधित युवकों को भविष्य में इस तरह की हरकत न करने की सख्त चेतावनी दी गई।

सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि कुछ युवकों द्वारा गंगा नदी में थार वाहन उतारकर रील बनाई जा रही थी। अचानक जलस्तर बढ़ने से वाहन फंस गया। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए वाहन को सीज कर दिया है। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में नदियों का जलस्तर कभी भी अचानक बढ़ सकता है। ऐसे में नदी के अंदर वाहन ले जाना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि अपनी और दूसरों की जान को भी खतरे में डालना है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि सोशल मीडिया पर लोकप्रिय होने के लिए अपनी जान जोखिम में न डालें। प्रशासन और पुलिस लगातार लोगों को नदी किनारे और जलधाराओं से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दे रहे हैं। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *