स्व.मुलायम सिंह यादव की जयंती पर सपा कार्यकर्ताओं ने दी श्रद्धांजलि।

राजनीति हरिद्वार


स्वर्गीय मुलायम सिंह का जीवन देश के लिए समर्पित रहा – महंत शुभम गिरी
समाजवादी पार्टी के संस्थापक उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय रक्षा मंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की जयंती पर सपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।

ललतारौ पुल स्थित समाजवादी कार्यालय पर प्रदेश सह प्रभारी महंत शुभम गिरी के संयोजन में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में कार्यकर्ताओं ने स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान सहप्रभारी महंत शुभम गिरी एवं पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र पाराशर ने कहा कि धरतीपुत्र स्वर्गीय मुलायम सिंह का जीवन देश के लिए समर्पित रहा। उन्होंने किसानों, मजदूरों के लिए संघर्ष किया। रक्षा मंत्री रहते उन्होंने शहीदों के पार्थिव शरीर को सम्मान देने का काम किया। पर्वतीय क्षेत्रों में तैनात सैनिकों के भत्तों में बढ़ोतरी की। महंत शुभम गिरी ने कहा कि सामाजिक पहल के तहत स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव ने किसानों, मजदूरों, वंचितों की आवाज को उठाया। उनके उत्थान में अनेकों योगदान दिए। उनके जीवन से हमें प्रेरणा मिलती है। हरिद्वार में कलेक्ट्रेट की स्थापना भी उनके द्वारा ही की गई थी। पूर्व जिला अध्यक्ष साजिद अंसारी एवं चंद्रशेखर यादव ने कहा कि स्वर्गीय मुलायम सिंह ने उत्तराखंड के विकास में भी अनेकों योगदान दिए। कार्यकर्ताओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए। समाजवादी युवजन सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अशीष यादव, मकबूल कुरैशी एवं श्रवण शंखधर ने कहा कि उत्तर प्रदेश के विकास में स्वर्गीय मुलायम सिंह के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि उनके पद चिन्हों पर चलकर देश की उन्नति-प्रगति में योगदान दें। प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की विचारधाराओं को प्रचारित-प्रसारित करें। श्रद्धांजलि देने वालों में हर्ष, सागर यादव, रूद्र शर्मा, बदरुल दुआ, हिमांशु, आदेश पंडित, ऋषि, कुलदीप, आशीष यादव, अनुज कुमार, मशकूर कुरैशी सहित कई कार्यकर्ता शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *