हिमालय की तरह अडिग है धामी सरकार, मां गंगा की धारा की तरह आगे बढ़ रहा उत्तराखंड : राजनाथ सिंह
उत्तराखंड में तीसरी बार प्रचंड बहुमत से बनेगी भाजपा सरकार, जनता का भरोसा हमारे साथ : राजनाथ सिंह
राष्ट्र प्रथम, संगठन प्रथम और अंत्योदय का संकल्प ही भाजपा की पहचान : राजनाथ सिंह
केंद्रीय रक्षा मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह ने रविवार को हरिद्वार में आयोजित भाजपा की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पहुंचे जहां उनका भव्य स्वागत किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती, वैचारिक प्रतिबद्धता, जनसेवा और आपसी एकजुटता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की वास्तविक शक्ति उसकी सरकार नहीं, बल्कि उसका मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। संगठन सत्ता में रहते हुए भी उतना ही सक्रिय, जीवंत और प्रभावशाली रहना चाहिए, जितना सत्ता से बाहर रहते हुए रहा है।
रक्षा मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा का संगठन देवदार के विशाल वृक्ष की तरह मजबूत और गहरी जड़ों वाला है। लगातार दो बार प्रदेश में भाजपा की सरकार बनना संगठन के परिश्रम और कार्यकर्ताओं की प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कार्यकर्ताओं के इसी उत्साह, जनता के समर्थन और सरकार के विकास कार्यों के आधार पर प्रदेश में तीसरी बार भी भाजपा की प्रचंड बहुमत से सरकार बनेगी।
उन्होंने कहा कि हरिद्वार की आध्यात्मिक भूमि पर कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचकर उन्हें शांति, प्रसन्नता, उपलब्धि और विश्वास की अनुभूति हो रही है।
उन्होंने भाजपा की वैचारिक यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का एक देश में दो प्रधान, दो विधान और दो निशान न होने का संकल्प तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय का एकात्म मानववाद भारतीय जनता पार्टी की वैचारिक नींव हैं।
कार्यकर्ताओं को दिए संगठन मजबूती के नौ सूत्र
रक्षा मंत्री ने अपने लंबे राजनीतिक और संगठनात्मक अनुभव के आधार पर कार्यकर्ताओं को नौ महत्वपूर्ण सूत्रों पर काम करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि पहला, भाजपा का वास्तविक बल संगठन है। सांसद, विधायक और मंत्री बनने के बाद भी जनप्रतिनिधियों की संगठन के प्रति निकटता और अधिक बढ़नी चाहिए। मंडल, जिला और बूथ स्तर पर नियमित संवाद तथा बैठकों के माध्यम से प्रत्येक कार्यकर्ता को नेतृत्व से जुड़ाव का अनुभव होना चाहिए।
दूसरा, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं को जनता के विश्वास का ध्वजवाहक बनना होगा। किसी भी आपदा, दुर्घटना अथवा संकट की स्थिति में भाजपा कार्यकर्ता सबसे पहले सहायता के लिए पहुंचने वाला व्यक्ति होना चाहिए। कार्यकर्ता समाज का फर्स्ट रिस्पॉन्डर बने।
तीसरा, डिजिटल युग में सोशल मीडिया और आधुनिक संचार माध्यमों का प्रभावी उपयोग किया जाए। सोशल मीडिया को केवल प्रचार का माध्यम न मानकर जनता की भावनाओं, अपेक्षाओं और समस्याओं को समझने तथा उनसे फीडबैक प्राप्त करने का माध्यम भी बनाया जाए।
चौथा, राजनीति में व्यक्तिगत हमलों और अमर्यादित भाषा से बचते हुए मुद्दों पर आधारित संवाद किया जाए। विपक्ष की उकसाने वाली भाषा का जवाब उसी भाषा में देने के बजाय अपने संस्कारों और राजनीतिक मर्यादा के अनुरूप तथ्यों के साथ दिया जाए।
पांचवां, युवाओं को संगठन से अधिकाधिक जोड़कर प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में युवाओं की सक्रिय टीम तैयार की जाए। उन्हें जनसेवा के कार्यों का प्रशिक्षण देकर नेतृत्व और जिम्मेदारियां निभाने के अवसर प्रदान किए जाएं।
छठा, विपक्ष के आरोपों और दुष्प्रचार का जवाब पूरी तैयारी और तथ्यों के आधार पर दिया जाए। उन्होंने कहा कि तथ्यों में बड़ी ताकत होती है। कार्यकर्ताओं को लोकतंत्र, ईवीएम और आपातकाल जैसे विषयों पर विपक्ष के आरोपों का जवाब प्रमाणिक तथ्यों के साथ देना चाहिए।
सातवां, प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और भाजपा की राज्य सरकारों की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाया जाए। केवल योजनाओं की सूची बताने के बजाय इन योजनाओं से आम नागरिक के जीवन में आए वास्तविक बदलावों और लाभार्थियों की सफलता की कहानियों को जनता के सामने रखा जाए।
आठवां, प्रत्येक कार्यकर्ता अपने आचरण में नैतिकता, अनुशासन, ईमानदारी और सार्वजनिक जीवन की मर्यादा बनाए रखे। उन्होंने कहा कि पार्टी की छवि उसके प्रत्येक कार्यकर्ता के व्यवहार से निर्मित होती है।
नौवां, संगठन की एकजुटता को सर्वोपरि रखा जाए। पद, दायित्व और व्यक्तिगत अपेक्षाओं को लेकर आपसी मतभेद नहीं होने चाहिए। कार्यकर्ताओं को धैर्य, समर्पण और निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि एकता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है और छोटी-छोटी बातों के कारण संगठन की एकता प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
मोदी सरकार के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान
राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले वर्षों में देश ने विकास, सुशासन, राष्ट्रीय सुरक्षा और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। स्वच्छ भारत अभियान, प्रधानमंत्री आवास योजना और अन्य कल्याणकारी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। गरीबों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने से लेकर देश की आर्थिक एवं सामरिक शक्ति को मजबूत करने तक, केंद्र सरकार ने नए भारत की नींव को सशक्त किया है।
उत्तराखंड में धामी सरकार के कार्यों की सराहना
रक्षा मंत्री ने मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में हो रहे विकास कार्यों और महत्वपूर्ण निर्णयों की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने विकास के साथ-साथ राज्य की सांस्कृतिक पहचान, धार्मिक परंपराओं और सामाजिक मूल्यों के संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।

उन्होंने महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में प्रदेश सरकार के प्रयासों तथा सैनिकों और उनके परिवारों के सम्मान के लिए उठाए गए कदमों की भी सराहना की। शहीद सैनिकों के परिजनों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि में वृद्धि और देहरादून के गुन्नियाल गांव में निर्माणाधीन सैन्य धाम को सैनिक सम्मान के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया।
अपने संबोधन के समापन पर उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्रहित और जनहित से कभी समझौता नहीं करेगी। उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में विकास की यात्रा निरंतर आगे बढ़ रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ काम करते हुए प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने तथा राज्य आंदोलनकारियों और शहीदों के सपनों का उत्तराखंड बनाने के संकल्प को साकार करने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में भाजपा सरकार बनने के बाद से देश में सेवा, सुशासन और जनकल्याण को केंद्र में रखकर ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। उस समय भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे श्री राजनाथ सिंह आज देश के रक्षा मंत्री के रूप में राष्ट्र की सुरक्षा और सामर्थ्य को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड में डबल इंजन सरकार ने विकास की नई इबारत लिखी है। महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण, स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहन और लखपति दीदी जैसी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। प्रदेश की बेटियों और महिलाओं को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना और खेल सुविधाओं के विस्तार जैसे महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। खिलाड़ियों के दैनिक भोजन भत्ते को ₹250 से बढ़ाकर ₹480 प्रतिदिन किया गया है, ताकि उन्हें बेहतर पोषण एवं प्रशिक्षण की सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड इन्वेस्टर्स समिट के माध्यम से प्रदेश में ₹3.56 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए, जिनमें से ₹1 लाख करोड़ से अधिक के निवेश धरातल पर उतर चुके हैं। इससे प्रदेश में उद्योगों के विस्तार, रोजगार सृजन और आर्थिक विकास को नई दिशा मिली है।

उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की आस्था और सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान मिली है। चारधाम यात्रा-2026 में 65 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। यह प्रदेश में बेहतर यातायात, यात्रा प्रबंधन, सुविधाओं और धार्मिक पर्यटन के विस्तार का प्रमाण है।
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के पास सरकार के विकास कार्यों का जवाब देने के लिए कोई ठोस तथ्य नहीं हैं। इसलिए वह अफवाहें फैलाने और दुष्प्रचार के माध्यम से जनता को भ्रमित करने का प्रयास करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि विपक्ष के ऐसे प्रयासों का जवाब सरकार के कार्यों, उपलब्धियों और तथ्यों के आधार पर दिया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव द्वारा उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया कहे जाने पर भी कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के वीर सैनिकों, राष्ट्रभक्तों और मेहनतकश नागरिकों का इस प्रकार अपमान किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। इस विषय पर उत्तराखंड कांग्रेस के नेताओं की चुप्पी भी सवाल खड़े करती है।

मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार ने जनकल्याण, विकास, महिला सशक्तिकरण, युवा रोजगार, खेल और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में जो ऐतिहासिक कार्य किए हैं, उन्हें जन-जन तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। संगठन की शक्ति और कार्यकर्ताओं की मेहनत ही भाजपा की सबसे बड़ी पूंजी है। प्रत्येक कार्यकर्ता को सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने और जनता के साथ निरंतर संवाद स्थापित करने का संकल्प लेकर जाना होगा। इस अवसर पर प्रदेश प्रभारी राम माधव, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित सभी सांसद, मंत्री गण और प्रदेश पदाधिकारी मौजूद रहे।


