अंतरराष्ट्रीय मधुमेह दिवस के अवसर पर रामकृष्ण मिशन सेवा आश्रम कनखल में आयोजित जागरूकता अभियान का जिलाधिकारी ने किया उद्घाटन।

समस्या स्वास्थ्य हरिद्वार

जीवन का लक्ष्य बेहतर कार्य करना होना चाहिए- जिलाधिकारी
रामकृष्ण मिशन सेवा आश्रम की पहल सराहनीय- मयूर दीक्षित
  रामकृष्ण मिशन सेवा आश्रम कनखल हरिद्वार में अंतर्राष्ट्रीय मधुमेह दिवस के अवसर पर जागरूकता अभियान चलाया गया।

इस अवसर पर मधुमेह से संबंधित चित्रकला प्रदर्शनी संगोष्ठी का उद्घाटन मुख्य अतिथि जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने रीवन काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया। जिलाधिकारी दीक्षित ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। जिलाधिकारी ने स्वामी रामकृष्ण परमहंस मां शारदा एवं स्वामी विवेकानंद के चित्रों पर माल्यार्पण किया।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने रामकृष्ण मिशन सेवा आश्रम द्वारा बचपन से ही मधुमेह से पीड़ित बच्चों के अंदर जीवन जीने की कला एवं चाहत को प्रोत्साहित करने के कार्यक्रम की प्रशंसा की उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम कर मिशन समाज सेवा का बेहतर कार्य कर रहा है। जिलाधिकारी ने कहा कि किसी को जीवन जीने की कला सीखना और राष्ट्र निर्माण में सहयोग देने के लिए प्रेरित करना सबसे पुण्य कार्य है।उन्होंने कहा कि मधुमेह से पीड़ित बच्चों को जीवन में देश और समाज के लिए बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, यह मिशन का सराहनीय कार्य है और जिला प्रशासन भी इसमें सहयोग करना चाहेगा। जिलाधिकारी ने कहा कि हमारे जीवन का लक्ष्य बेहतर कार्य करना होना चाहिए।
     रामकृष्ण मिशन सेवा आश्रम के सचिव डॉ. स्वामी दयामूर्त्यानंद महाराज ने कहा कि 20 साल पहले मधुमेह से पीड़ित छोटे-छोटे तीन बच्चों के साथ  मधुमेह  उपचार करने और उन्हें जीवन जीने के लिए प्रेरित करने के लिए क्लब स्थापित किया गया था और जिसमें आज 180 बच्चे और युवा शामिल हैं, जिन्हें रामकृष्ण मिशन के चिकित्सक मधुमेह से लड़ने के लिए प्रेरित करते हैं और उनके भीतर जीवन जीने का जज्बा पैदा करते हैं।
इस अवसर पर मधुमेह से पीड़ित 5 साल के बच्चों से लेकर से 25 साल तक के युवाओं ने भाग लिया और उन्होंने अपने-अपने अनुभव सुनाए तथा मधुमेह  से पीड़ित बच्चों ने कई सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अपने जीवन में मधुमेह से लड़ने का जज्बा दिखाया और यह संदेश दिया कि हम भी किसी से कम नहीं है। इसअवसर पर बच्चों ने कई खेलों में भाग लिया।


    स्वामी निखिलेश्वरानंद महाराज ने भेड़ और शेरनी की कहानी सुन कर  बच्चों को आत्म बल से जीवन जीने की प्रेरणा दी।
रामकृष्ण मिशन सेवा आश्रम के सचिव डॉ. स्वामी दयामूर्त्यानंद महाराज ने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित को स्मृति चिन्ह, स्वामी विवेकानंद से संबंधित पुस्तकें एवं शाल भेंटकर सम्मानित किया।
           25 साल के युवा एडवोकेट एवं नेशनल बॉडीबिल्डर हितार्थ प्रिंस ने अपने अनुभव सुनाते हुए बताया कि जब वह 5-6 साल की उम्र में रामकृष्ण मिशन सेवा आश्रम में आया था, तब वह मधुमेह से पीड़ित था और निराश था। तब 20 साल पहले मधुमेह से पीड़ित बच्चों का एक क्लब बनाया गया और हमें यहां पर जीवन  जीने की प्रेरणा स्वामी जी और चिकित्सकों ने दी।


   कार्यक्रम का संचालन मधुमेह से पीड़ित युवा मयंक ने किया। इस अवसर पर रामकृष्ण मिशन राजकोट से पधारे स्वामी निखिलेश्वरानंद महाराज, जगदीश महाराज महंत गुरमीत सिंह महाराज, स्वामी नित्यानंद महाराज, वरिष्ठ चिकित्सक डॉक्टर समरजीत चौधरी, डॉ दीपक कुमार,डॉ रश्मि, डॉ कुलदीप सिंह,डॉ अश्विनी अनेजा, अमेरिका से आए डॉ विधु शेखर पालीवाल, नर्सिंग विभाग की डायरेक्टर मिनी  यौनोहन, डॉ राधिका नागरथ,रविंद्र नारंग, अमरजीत सचदेवा, वागीश पालीवाल, गोकुल सिंह,सुरभि एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *