भगवान पुर क्षेत्र में हत्या के मामले में फरार आरोपियों के घरों पर हरिद्वार पुलिस द्वारा ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी की कार्यवाही की गई।

Police अपराध हरिद्वार

हत्या के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों के खिलाफ हरिद्वार पुलिस ने मुनादी और नोटिस चस्पा कार्यवाही की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर भगवानपुर पुलिस ने न्यायालय के आदेश के अनुपालन में आरोपियों के घरों पर पहुंचकर ढोल-नगाड़ों के साथ धारा 84 BNSS के तहत उद्घोषणा (मुनादी) की कार्रवाई की।

जानकारी के अनुसार 17 मई 2026 को होटल धरोहर में कलीम नामक युवक के साथ होटल संचालकों द्वारा की गई मारपीट के बाद उसकी मृत्यु हो गई थी। इस मामले में दर्ज मुकदमे में पुलिस पहले ही पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज चुकी है। वहीं नामजद आरोपी अर्पित पुत्र प्रवीण चौहान एवं ऋषिकेश सिंह पुत्र रमेश सिंह गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार फरार चल रहे हैं।

फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। इसी क्रम में न्यायालय रुड़की से प्राप्त आदेश के अनुपालन में भगवानपुर पुलिस ने दोनों आरोपियों के निवास स्थानों पर पहुंचकर उद्घोषणा की कार्रवाई की। पुलिस ने ढोल-नगाड़ों के माध्यम से क्षेत्रवासियों को सूचित किया कि आरोपी निर्धारित समयावधि में न्यायालय के समक्ष उपस्थित हों, अन्यथा उनके विरुद्ध आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अपराध कर फरार होने वाले आरोपियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें कानून के दायरे में लाकर न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। हरिद्वार पुलिस अपराध नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *