जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने हरी झंडी दिखाकर किया स्वीप वाहन का शुभारंभ,मतदाता जागरूकता अभियान को मिलेगी गति।

प्रशासन हरिद्वार

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने हरी झंडी दिखाकर किया शुभारंभ
जनपदभर में मतदाताओं को विशेष गहन पुनरीक्षण SIR के प्रति किया जाएगा जागरूक


जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जनपद में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत जन जागरूकता अभियान को गति देने के उद्देश्य से कैंप कार्यालय से स्वीप प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम दर्ज होना और मतदान प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता आवश्यक है।
स्वीप (Systematic Voters’ Education and Electoral Participation) कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित यह वाहन जनपद के सभी विधानसभा क्षेत्रों में भ्रमण कर आमजन को मतदाता पंजीकरण, मतदाता सूची संशोधन तथा विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान एवं मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करेगा। वाहन के माध्यम से निर्वाचन संबंधी संदेशों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान, मतदाता जागरूकता गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाते हुए युवाओं, महिलाओं एवं प्रथम बार मतदान करने वाले मतदाताओं तक अभियान की पहुंच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में अधिक से अधिक जनभागीदारी लोकतंत्र को सशक्त बनाती है।

इस अवसर पर जिला समन्वयक स्वीप अमित कुमार चंद, प्रभारी स्वीप प्रकोष्ठ डॉ. संतोष कुमार चमोला, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अरुणेश पैन्यूली, गोविंद कुर्ल,मोहम्मद आदिल आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *