भेल उपनगरी में चरमराई सफाई व्यवस्था, चारों ओर लगा गंदगी का अंबार,प्रमुख प्रवेश द्वार पर अतिक्रमण और धार्मिक स्थल के पास कूड़े के ढेर से स्थानीय निवासियों में भारी रोष।

प्रशासन समस्या स्वास्थ्य हरिद्वार


देश के प्रतिष्ठित नवरत्न संस्थान ‘भेल’ (BHEL) की आवासीय उपनगरी में इन दिनों सफाई व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। हालात इतने बदतर हो चुके हैं कि दीपावली जैसे प्रमुख त्योहारों के अवसर पर भी उपनगरी में साफ-सफाई की कोई सुध नहीं ली गई। भेल प्रबंधन की इस घोर लापरवाही के कारण जिलाधिकारी द्वारा चलाए जा रहे महत्वाकांक्षी स्वच्छता अभियान को सीधा पलीता लगता दिखाई दे रहा है।
धार्मिक स्थल के पास गंदगी और खुले में शौच की विकट समस्या से दुर्गंध का आलम है।
उपनगरी के सेक्टर-1 स्थित पीठ बाजार के निकट और संत रविदास मंदिर के पीछे का इलाका कूड़े के ढेर में तब्दील हो गया है। हद तो यह है कि यहां वर्षा जल संग्रहण (रेन वॉटर हार्वेस्टिंग) के लिए बनाए गए गड्ढों को भी अब कूड़े-कचरे से भरा जा रहा है, जिससे जल संरक्षण की योजना को भी नुकसान पहुंच रहा है। मंदिर के चारों ओर फैली गंदगी और आसपास खुले में शौच की बढ़ती प्रवृत्ति से स्थानीय निवासियों और श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हो रही हैं, साथ ही क्षेत्र में संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा भी मंडरा रहा है। आपको बताते चले की उत्तराखंड में ओडीएफ लागू है। उसके बावजूद भी भेल प्रबंधन खुले में शौच नहीं रोक पा रहा है।
प्रवेश द्वार पर अतिक्रमण, अंदरूनी इलाकों के हालात बदतर
भेल उपनगरी के मुख्य प्रवेश द्वारों में से एक, बैरियर नंबर-1 पर झोपड़पट्टी में रहने वाले लोगों का अवैध कब्जा हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब एक नवरत्न संस्थान के मुख्य प्रवेश द्वार की यह दुर्दशा है, तो उपनगरी के अंदरूनी सेक्टरों की स्थिति का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है।
नगर प्रशासक के बदलते ही बिगड़े हालात
स्थानीय निवासियों के अनुसार, पूर्व के नगर प्रशासक के कार्यकाल में भेल उपनगरी की सफाई व्यवस्था चाक-चौबंद थी और उन्होंने जिलाधिकारी के स्वच्छता अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। लेकिन उनके स्थानांतरण के बाद से ही पूरी उपनगरी में व्यवस्थाएं पटरी से उतर गई हैं और हर तरफ गंदगी का अंबार नजर आ रहा है।
उपनगरी के निवासियों ने भेल प्रबंधन और जिला प्रशासन से इस गंभीर समस्या पर तत्काल संज्ञान लेने, अतिक्रमण हटाने तथा क्षेत्र में नियमित रूप से साफ-सफाई सुनिश्चित करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *