हरिद्वार के राज्य अतिथि गृह (डाम कोठी) में वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद, उत्तराखण्ड के उपाध्यक्ष नवीन चन्द्र वर्मा की अध्यक्षता में नगर की वरिष्ठ नागरिक संस्थाओं की एक गोष्ठी आयोजित हुई।
कार्यक्रम में श्रवण सेवा एवं शोध संस्थान (पंजी०), बडोला जी वेलफेयर फाउण्डेशन (पंजी०) और सीनियर सिटीजन फोरम (पंजी०) के प्रतिनिधियों ने उपाध्यक्ष महोदय का पुष्प-गुच्छ, माला, अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मान किया।
गोष्ठी के दौरान समाज सेवक व हिन्दी सेवक डॉ० अशोक गिरि, समाज सेवक पं० गोपाल कृष्ण बडोला और चौ० चरण सिंह ने ज्ञापन सौंपकर वरिष्ठ नागरिकों की प्रमुख समस्याओं से अवगत कराया। विभिन्न वरिष्ठ नागरिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों की गोष्ठी के दौरान सौंपे गए ज्ञापन में जनपद की सभी तहसीलों में वृद्धाश्रम की स्थापना, प्रत्येक थाना क्षेत्र में वरिष्ठ नागरिकों को सूचीबद्ध कर बैठक आयोजित करने, शोषण, उत्पीड़न, अधिकार हनन पर कानूनी सहायता दिए जाने, वृद्धावस्था पेंशन पांच हजार रूपए मासिक करने, ईपीएफ पेंशन को बढ़ाकर साढ़े सात हजार मासिक करने, बंद कर दी गयी रेल किराए में छूट योजना को पुनः शुरू करने, बैंकों में जमा पूंजी पर वरिष्ठ नागरिकों को मिलने वाली ब्याज दर बढ़ाने और फुटपाथों से अतिक्रमण हटाने की मांग की गयी है। वरिष्ठ नागरिक सामाजिक संगठन के अध्यक्ष चौधरी चरण सिंह ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण के लिए बड़ी-बड़ी घोषणाएं की जाती हैं। लेकिन धरातल पर कुछ नजर नहीं आता है। उन्होंने बताया कि ज्ञापन में अवगत करायी गयी वरिष्ठ नागरिकों की तमाम मांगों के संबंध में विभिन्न न्यायालयों और वरिष्ठ नागरिक आयोग द्वारा आदेश दिए जाने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि समस्याओं और मांगों का संज्ञान लेकर समाधान के लिए तत्काल कदम उठाए जाएं। ज्ञापन देने वालों में पं गोपाल कृष्ण बडोला बड़ोला, चौधरी चरण सिंह, डॉ अशोक गिरी, केसी शर्मा सुभाष हंस, विद्यासागर गुप्ता, शिवचरण, एससी ग्रोवर, श्याम सिंह, गुलाब राय, रामसागर सिंह, शिव बचन, महेशचंद काला, धर्मेंद्र, कर्णपाल, अनिल गुप्ता, सीपी शर्मा, ललित पांडे, ओमप्रकाश, मधुबाला गर्ग, शीशपाल सिंह आदि वरिष्ठ नागरिक शामिल रहे।
इस अवसर पर डॉ० अशोक गिरि ने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि “वृद्धजनों के लिए वृद्धाश्रम नहीं, बल्कि सामाजिक, सांस्कृतिक, बौद्धिक एवं स्वास्थ्यवर्धक केन्द्र स्थापित होने चाहिए, जिनका नाम ‘आनन्दमय वरिष्ठजन केन्द्र’ हो और जिनके मुख्य तत्व मिलन, संवाद, स्वास्थ्य व मनोरंजन हों।”




