सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल में आयोजित तीन दिवसीय विभिन्न प्रतियोगिताओं का समापन हुआ।

शिक्षा हरिद्वार

डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल, जगजीतपुर, हरिद्वार  में भारत सरकार के ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत दिनांक 26.09.2026 से 28.09.2026 तक विभिन्न रचनात्मक एवं अभिव्यक्तिपरक प्रतियोगिताओं का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने चित्रकला, रंगोली एवं भाषण प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर अब मुख्य अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित चौहान की गरिमामयी उपस्थिति रही। विद्यालय परिवार की ओर से प्रधानाचार्य मनोज कुमार कपिल ने मुख्य अतिथि का स्वागत समृद्धि एवं हरित पर्यावरण के प्रतीक हरित पौधे तथा पटका पहनाकर किया।
मुख्य अतिथि अमित चौहान ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में विद्यार्थियों को सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्य एवं महत्त्व से परिचित कराया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्र के प्रति सेवा, समर्पण एवं कर्तव्य-बोध की भावना सदैव विद्यमान रहनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को समाज एवं राष्ट्र के विकास में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।


प्रधानाचार्य  मनोज कुमार कपिल ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को राष्ट्र के प्रति समर्पण, सेवा एवं जिम्मेदारी का भाव विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों को समझाते हुए विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने आचरण एवं कार्यों के माध्यम से राष्ट्रहित में योगदान दें तथा इस अभियान को सफल बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएँ।
कार्यक्रम का मंच संचालन अंशिका गोयल एवं अवंतिका चौहान ने अत्यंत प्रभावशाली, आत्मविश्वासपूर्ण एवं उत्कृष्ट शैली में किया। दोनों छात्राओं ने अपनी सधी हुई वाणी एवं आकर्षक प्रस्तुति से कार्यक्रम को गरिमापूर्ण एवं रोचक बनाए रखा।

प्रतियोगिताओं के परिणाम
भाषण प्रतियोगिता में
* प्रथम स्थान – बानी कौर सेठी एवं कृतिका रस्तोगी
* द्वितीय स्थान – मनप्रीत कौर बग्गा
* तृतीय स्थान – स्निग्धा तनेजा

चित्रकला प्रतियोगिता में
* प्रथम स्थान – आरोही चौधरी
* द्वितीय स्थान – श्रेया चौहान
* तृतीय स्थान – अविका सैनी

प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को आज सोमवार को मुख्य अतिथि  अमित चौहान द्वारा प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान के लिए प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के उत्साह एवं आत्मविश्वास में विशेष वृद्धि देखने को मिली।
कार्यक्रम को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने में सोनिया त्यागी, पूनम गक्खड़, रेनु शर्मा, डॉ. संदीप उनियाल सहित विद्यालय के समस्त सहयोगी शिक्षक-शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *