मूत्रालय का उपयोग करने पर पूर्व सभासद अशोक शर्मा से कर्मचारियों ने वसूला शुल्क।
नगर निगम अधिकारियों द्वारा सार्वजनिक शौचालयों के निरीक्षण के दौरान रोड़ी बेलवाला स्थित एक सार्वजनिक शौचालय में मूत्रालय का उपयोग किए जाने पर पैसे लिए जाने का मामला सामने आने के बाद शौचालय को सील किए जाने के अगले ही दिन एक अन्य सार्वजनिक शौचालय के कर्मचारी द्वारा पैसे लिए जाने का मामला सामने आया है।
जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। व्यवस्थाओं पर लगातार सवाल उठा रहे वरिष्ठ कांग्रेस नेता पूर्व सभासद अशोक शर्मा और पार्षद सुनील कुमार यात्री बनकर शिवमूर्ति स्थित एक शौचालय में पहुंच गए। जहां मूत्रालय का उपयोग किए जाने के बाद वहां मौजूद कर्मचारियों ने उनसे 10 रूपए वसूल कर लिए। अशोक शर्मा के साथ गए पार्षद सुनील कुमार ने इसका वीडियो बना लिया। वीडियो में कर्मचारी सुनील कुमार से बहस करते दिख रहे हैं। अशोक शर्मा ने बताया कि खुले मे शौच रोकने लिए जगह-जगह सार्वजनिक शौचालय बनाए गए हैं। शौचालय का उपयोग किए जाने पर नगर निगम द्वारा यूजर चार्ज निर्धारित किया गया है। निमयों के मुताबिक मूत्रालय का उपयोग किए जाने पर शुल्क नहीं लिया जा सकता है। शुल्क देने में असमर्थ लोगों के लिए निःशुल्क व्यवस्था की गयी है। लेकिन सार्वजनिक शौचालयों में नियमों को दरकिनार कर मूत्रालय का उपयोग किए जाने पर भी शुल्क वसूल किया जा रहा है। अशोक शर्मा ने कहा कि हरिद्वार में रोजाना बड़ी संख्या में बाहर से श्रद्धाुल आते हैं। इसलिए सभी सार्वजनिक सुलभ शौचालयों पर निर्धारित शुल्क की जानकारी देने के लिए बोर्ड लगाए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला नजदीक है। लेकिन अभी तक व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं हुई हैं।

