मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत जापान और जर्मनी में रोजगार का सुनहरा अवसर।
कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के अंतर्गत जिला सेवायोजन कार्यालय, हरिद्वार द्वारा मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत युवाओं को जापान एवं जर्मनी में रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जापानी और जर्मन भाषा का 6 से 8 माह का विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ किया जाना प्रस्तावित है।
प्रभारी जिला सेवायोजन अधिकारी ने बताया कि जापान में केयर गिवर के पदों हेतु इंटर पास एवं GGA/ANM प्रशिक्षित 18 से 27 वर्ष आयु वर्ग की महिला अभ्यर्थी पात्र होंगी। वहीं जर्मनी में असिस्टेंट नर्स के पदों के लिए B.Sc नर्सिंग/GNM उत्तीर्ण 21 से 35 वर्ष आयु वर्ग के महिला एवं पुरुष अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि जापान हेतु प्रशिक्षण शुल्क ₹64,000 निर्धारित किया गया है, जबकि जर्मनी हेतु प्रशिक्षण निःशुल्क रहेगा। जर्मनी प्रशिक्षण के लिए ₹30,000 की जमानत राशि देय होगी। उत्तराखंड सरकार द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार प्रशिक्षणार्थियों को निःशुल्क भोजन एवं आवास, प्रशिक्षण शुल्क पर 20 प्रतिशत अनुदान तथा प्रशिक्षण के लिए लिए गए ऋण के ब्याज पर 75 प्रतिशत अनुदान की सुविधा भी प्रदान की जाएगी।
जिला सेवायोजन कार्यालय ने पात्र एवं इच्छुक युवाओं से अपील की है कि वे किसी भी कार्यदिवस पर कार्यालय पहुंचकर विस्तृत जानकारी प्राप्त करें तथा पंजीकरण कर योजना का लाभ उठाएं।
