निठारी कांड में मुख्य अभियुक्त रहे सुरेंद्र कोली ने हरिद्वार के भूपतवाला क्षेत्र में आत्महत्या की।

Police अपराध हरिद्वार

नोएडा के निठारी कांड के कारण चर्चाओं में आए सुरेंद्र कोली ने हरिद्वार में आत्महत्या कर ली है। सुरेंद्र कोली को कोर्ट ने निठारी कांड में निर्दोष बताते हुए बीते साल 2025 में ही बरी कर दिया था। सुरेंद्र कोली का शव हरिद्वार नगर कोतवाली क्षेत्र के भूपतवाला क्षेत्र में शुक्रवार को चाय के खोखे के पास मिला है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार भूपतवाला क्षेत्र में लालमाता मंदिर के सामने एक चाय के खोखे में करीब 50 वर्षीय व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने की जानकारी मिली थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई।  मृतक की पहचान सुरेंद्र कोली पुत्र शंकु राम निवासी ग्राम मंगरुखाल भिकियासैंण अल्मोड़ा के रूप में हुई। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सुरेंद्र कोली पिछले कुछ माह से हरिद्वार में रह रहा था। वह भूपतवाला क्षेत्र में ही चाय का खोखा चलाता था. शुक्रवार को किसी समय उसने खोखे के भीतर ही आत्महत्या कर ली। आसपास के लोगों ने ही सबसे पहले उसका शव देखा था।सुरेंद्र कोली का नाम उत्तर प्रदेश के चर्चित नोएडा के निठारी कांड में साल 2009 में सामने आया था। इस मामले में पुलिस ने सुरेंद्र कोली को मुख्य आरोपी बनाया था. हालांकि साल 2025 में कोर्ट ने सुरेंद्र कोली को सभी आरोपी से बरी करते हुए निर्दोष पाया था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि निठारी कांड में नाम आने के बाद परिवार ने उसे अलग कर दिया था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके से किसी तरह का सुसाइड नोट मिला है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही मृतक के संपर्क में रहे लोगों से पूछताछ कर रही है, मामले की जांच जारी है।

सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि निठारी कांड के आरोपी सुरेंद्र कोली द्वारा आत्महत्या की गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचे खोखे में पंखे से उसका शव लटका हुआ था। पुलिस ने शव को नीचे उतारकर कब्जे में लेकर जांच की जा रही है।शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *