भागीरथी बिंदु से सप्तऋषि तक गंगा किनारे बने मार्ग के सौंदर्यकरण की मांग को लेकर क्षेत्रवासियों और समाजसेवियों ने किया धरना प्रदर्शन।

हरिद्वार समस्या

भागीरथी बिंदु से सप्तऋषि तक गंगा किनारे बने मार्ग के सौंदर्यकरण की मांग को लेकर उत्तरी हरिद्वार वासियों व समाजसेवियों ने प्रदर्शन कर धरना दिया। धरने का नेतृत्व कर रहे समाजसेवी नितिन यादव युदवंशी ने कहा कि भागीरथी बिंदु से गीता कुटीर तक गंगा किनारे बने पटरी मार्ग की सड़क टूटी हुई है। जिससे क्षेत्रवासियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नितिन यादव यदुवंशी ने कहा कि रोजाना हजारों की संख्या में क्षेत्रवासी सुबह शाम पटरी मार्ग पर टहलने आते हैं। लेकिन सड़क टूटी होने के कारण टहलने वाले बच्चे, महिलाओं, बुजुर्गों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को चोट भी लग चुकी है। समाजसेवी मनोज निषाद एवं कपिल जौनसारी ने कहा कि सेना में भर्ती होने की तैयारी कर रहे युवा भी टूटी सड़क पर दौड़ लगाने के लिए मजबूर हैं। जिससे उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त सड़क का जल्द से जल्द निर्माण कराया जाए। समाजसेवी रितेश गौड़ व ओम मलिक पहलवान ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार है। हरिद्वार सांसद, विधायक, मेयर और क्षेत्रीय पार्षद भी भाजपा से है। इसके बावजूद क्षेत्र की सड़के क्षतिग्रस्त व खस्ताहाल हैं। शुभम जोशी और गगन खट्टर ने कहा कि पिछले साल हरिद्वार रूड़की विकास प्राधिकरण द्वारा सड़क के सौन्दर्यकरण की बात कही गई थी। लेकिन एक साल से ऊपर होेने के बाद भी अभी तक निर्माण या सौंदर्यकरण नहीं हुआ।। प्रदर्शन में शामिल लोगों ने कहा कि यदि जल्द से जल्द क्षतिग्रस्त सड़क का निर्माण कार्य नहीं किया गया तो उग्र प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में करण पंत, शिवकुमार, लव पांडे, मोनू राजपूत, हरीश पंडित आदि प्रमुख रूप से शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *