होप सुपर स्पेशियलिटी एंड कैंसर हॉस्पिटल जगजीतपुर में शीघ्र ही पीईटी-सीटी स्कैन (न्यूक्लियर मेडिसिन विभाग) की अत्याधुनिक सुविधा शुरू होने जा रही है। इसके शुरू होने के बाद हरिद्वार एवं आसपास के जनपदों के मरीजों को पीईटी-सीटी स्कैन जांच के लिए दिल्ली या अन्य बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। हॉस्पिटल के महाप्रबंधक डा.एस.के. मिश्रा ने बताया कि यह सुविधा विशेष रूप से कैंसर रोगियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगी। पीईटी-सीटी स्कैन के माध्यम से कैंसर की सटीक पहचान, उसकी स्टेजिंग, उपचार की प्रभावशीलता का मूल्यांकन तथा पुनरावृत्ति की जांच अधिक सटीकता के साथ की जा सकेगी। उन्होंने कहा कि इस अत्याधुनिक न्यूक्लियर मेडिसिन विभाग के शुरू होने से हरिद्वार सहित उत्तराखंड एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मरीजों को समय, धन और अनावश्यक यात्रा से राहत मिलेगी। अस्पताल का उद्देश्य आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं को स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराकर मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है। डा.मिश्रा ने बताया कि पीईटी-सीटी स्कैन सेवा शुरू होने की तिथि एवं पंजीकरण संबंधी जानकारी शीघ्र ही अस्पताल द्वारा सार्वजनिक की जाएगी। वहीं ऑर्थाेपेडिक सर्जन डा.मौसम जौफ्रिकन ने होप सुपरस्पेशलिटी एंड कैंसर हॉस्पिटल में अपनी सेवाएं देना शुरू कर दिया है। इससे निश्चित तौर पर मरीजों को लाभ होगा।


