कृत्रिम गर्भाधान (ए.आई.) के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 12  ए.आई. कार्यकर्ताओं को मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा द्वारा किया गया सम्मानित।

सम्मान हरिद्वार

मुख्य विकास अधिकारी ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले 12 प्राइवेट ए.आई कार्यकर्ताओं को किया सम्मानित भ्रूण प्रत्यारोपण तकनीक से पशुधन की नस्ल सुधार एवं उत्पादकता में होगी वृद्धि।
आज सोमवार को जिला सभागार, हरिद्वार में पशुपालन विभाग के तत्वावधान में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र द्वारा जनपद में कृत्रिम गर्भाधान (ए.आई.) के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 12 प्राइवेट ए.आई. (Artificial Insemination) कार्यकर्ताओं को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।


इस अवसर पर उत्तराखंड लाइवस्टॉक डेवलपमेंट बोर्ड (ULDB) के मुख्य अधिशासी अधिकारी (CEO) डॉ. आर.एस. नेगी ने विभाग की भावी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में पशुओं की नस्ल सुधार एवं दुग्ध उत्पादकता बढ़ाने के लिए आधुनिक भ्रूण प्रत्यारोपण तकनीक (Embryo Transfer Technology) को व्यापक स्तर पर लागू किया जाएगा। इस तकनीक के माध्यम से उच्च नस्ल एवं अधिक उत्पादकता वाले पशुओं का संवर्धन संभव होगा, जिससे पशुपालकों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।


     उन्होंने यह भी अवगत कराया कि इस आधुनिक तकनीक के सफल क्रियान्वयन हेतु जिलाधिकारी महोदय द्वारा जिला योजना के अंतर्गत आवश्यक धनराशि स्वीकृत की जा चुकी है।
       मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने सम्मानित कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पशुधन की गुणवत्ता सुधारने में प्राइवेट ए.आई. कार्यकर्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नई तकनीक एवं स्वीकृत बजट के समन्वय से हरिद्वार जनपद पशुपालन के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।
     कार्यक्रम में जिलास्तरीय अधिकारी एवं विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *