शिवडेल स्कूल, हरिद्वार में जापानी प्रतिनिधिमंडल ने साझा किए मूल्यपरक शिक्षा के नए दृष्टिकोण।

शिक्षा हरिद्वार

पाँच सदस्यीय जापानी प्रतिनिधिमंडल ने शिवडेल स्कूल, जगजीतपुर, हरिद्वार का दौरा कर शिक्षा के विविध आयामों पर सार्थक एवं विचारोत्तेजक संवाद किया। प्रतिनिधिमंडल का गरिमापूर्ण स्वागत करते हुए उन्हें सम्मान स्वरूप शॉल ओढ़ाकर अभिनंदित किया गया। प्रतिनिधिमंडल ने श्रद्धेय आध्यात्मिक गुरु एवं विद्यालय के चेयरमैन स्वामी शरद्पुरी जी से भेंट कर मूल्यपरक शिक्षा तथा विद्यार्थियों के समग्र विकास पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। इस दौरान उन्होंने नन्हे विद्यार्थियों के साथ आत्मीय संवाद स्थापित किया, कक्षाओं का अवलोकन किया तथा विद्यार्थियों के उत्साह, अनुशासन और सीखने की तीव्र जिज्ञासा की सराहना की।

अतिथियों ने विद्यालय की शिक्षण पद्धति एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में गहरी रुचि व्यक्त की। संवाद के दौरान चेयरमैन स्वामी शरद्पुरी जी ने पारंपरिक मूल्यों और आधुनिक शिक्षा के समन्वय पर विशेष बल देते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, अनुशासन और करुणा का समुचित विकास भी उतना ही आवश्यक है।

उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रकार के वैश्विक संवाद आपसी समझ को सुदृढ़ करते हैं और ज्ञान के नए आयाम खोलते हैं। विद्यालय के प्रधानाचार्य अरविन्द बंसल ने प्रतिनिधिमंडल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी सहभागिताएँ विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को वैश्विक दृष्टिकोण प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के संवाद विद्यार्थियों को सीमाओं से परे सोचने और व्यापक दृष्टि विकसित करने के लिए प्रेरित करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *