कनखल में आयोजित सर्व ब्राह्मण महासभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में ब्राह्मण कल्याण बोर्ड गठित करने की मांग की गई ।

राष्ट्रीय समस्या हरिद्वार

सर्व ब्राह्मण महासभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक कनखल स्थित श्री कृष्ण निवास आश्रम में आयोजित की गई। बैठक में देशभर से आए महासभा के पदाधिकारियों और सदस्यों ने संगठन की नीतियों, विस्तार और समाज के उत्थान से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक को संबोधित करते हुए महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में ब्राह्मण कल्याण बोर्ड का गठन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी ब्राह्मणों से एकजुट होकर समाज के उत्थान और सशक्तिकरण के लिए संगठित प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि महासभा पिछले कई वर्षों से देश के विभिन्न प्रांतों में सक्रिय रूप से कार्य कर रही है और ब्राह्मण समाज को एक मंच पर लाने का प्रयास लगातार जारी है। मुख्य अतिथि श्री गंगा सभा के महामंत्री पंडित तन्मय वशिष्ठ ने कहा कि ब्राह्मण समाज को अपने दायित्वों को समझते हुए केवल आयोजनों तक सीमित न रहकर जमीनी स्तर पर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि समाज के खिलाफ नकारात्मक प्रचार से प्रभावित होने की आवश्यकता नहीं है और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना जरूरी है। राष्ट्रीय महामंत्री उषा शर्मा ने कहा कि ब्राह्मण समाज का वास्तविक उत्थान तब तक संभव नहीं है, जब तक नारी शक्ति को संगठित कर आगे नहीं लाया जाएगा। उन्होंने बताया कि महासभा जल्द ही महिला सशक्तिकरण को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगी। बैठक में पहाड़ी महासभा के संरक्षक हरि बल्लभ जोशी ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में ब्राह्मण समाज को संगठित होकर अपनी भूमिका को मजबूत करना होगा। धन्यवाद ज्ञापन करते हुए उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष डा.हिमांशु पंडित ने कहा कि ब्राह्मण समाज को अपनी पारंपरिक पहचान जनेऊ, तिलक और शिखा से पुनः जुड़ना होगा, तभी समाज में एकता और जागरूकता आएगी। बैठक के दौरान संगठन के विभिन्न पदों की घोषणा भी की गई, जिसमें तुषार कौशिक को राष्ट्रीय महामंत्री, डा.हिमांशु पंडित को उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष, विवेक कौशिक को प्रदेश महासचिव, कुशाग्र गोस्वामी को प्रदेश सचिव और मयंक शर्मा को प्रदेश कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया। बैठक का संचालन राष्ट्रीय महामंत्री डा.संदीप शर्मा ने किया। बैठक में बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *