भाजपा ने ऋषिकुल मैदान में होली मिलन समारोह फागोत्सव का भव्य आयोजन किया , सांसद, विधायक और मेयर सहित बड़ी संख्या में लोगों ने किया प्रतिभाग।

पर्व, त्यौहार और मेले राजनीति हरिद्वार

भाजपा ने किया फागोत्सव का आयोजन
भारतीय लोकपरंपराओं, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत का जीवंत प्रतीक है-त्रिवेंद्र सिंह रावत
संगठनात्मक मजबूती और सामाजिक समरसता का सशक्त माध्यम है फागोत्सव-मदन कौशिक
प्रकृति संरक्षण और पर्यावरण प्रेम का संदेश देते हैं होली के रंग-किरण जैसल
भाईचारे का संदेश देता है होली-विकास तिवारी


भारतीय जनता पार्टी ऋषिकुल मैदान में होली मिलन समारोह फागोत्सव 2026 का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, विधायक मदन कौशिक व मेयर किरण जैसल व भारी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। इस अवसर पर सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कार्यकर्ताओं और उपस्थित जनसमूह को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व केवल रंगों का उत्सव नहीं, बल्कि भारतीय लोकपरंपराओं, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि लोकपरंपराएं किसी भी समाज की आत्मा होती हैं और इन्हें संरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि होली जैसे पर्व कार्यकर्ताओं को आपसी मतभेद भुलाकर एक सूत्र में बांधते हैं और संगठन को वैचारिक रूप से और अधिक मजबूत बनाते हैं। उन्होंने आह्वान किया कि भाजपा कार्यकर्ता सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से समाज में सकारात्मक संदेश फैलाएं और युवा पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ें। विधायक मदन कौशिक ने कहा कि यह आयोजन केवल होली मिलन का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि संगठनात्मक मजबूती और सामाजिक समरसता का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि फागोत्सव के माध्यम से भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच आपसी संवाद, एकजुटता और ऊर्जा का संचार होता है, जो राजनीतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है।

मदन कौशिक ने स्पष्ट किया कि ऐसे आयोजन पार्टी को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करते हैं तथा जनता से सीधे जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि फागोत्सव 2026 यह संदेश देता है कि भाजपा अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़कर राजनीति करती है और लोकपरंपराओं के संरक्षण को अपनी प्राथमिकता मानती है। मदन कौशिक ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इस उत्सव की भावना को आगे बढ़ाते हुए केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएं। मेयर किरण जैसल ने कहा कि होली के त्योहार पर खेले जाने वाले रंग हमें प्रकृति संरक्षण और पर्यावरण प्रेम का संदेश देते हैं। फूलों की होली के माध्यम से इस अवधारणा को भी बलवती और शसक्त किया गया है। भाजपा के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विकास तिवारी ने कहा कि होली का त्योहार आकर्षक और मनोहर रंगों का त्योहार है, यह एक ऐसा त्योहार है जो हर धर्म, संप्रदाय, जाति के बंधन की सीमा से परे जाकर लोगों को भाईचारे का संदेश देता है। कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री हीरा सिंह बिष्ट, मंडल अध्यक्ष प्रशांत शर्मा, राजेंद्र कटारिया, तुषांक भट्ट, अन्नू कक्कड़, जिला उपाध्यक्ष तरुण नैय्यर,सरदार हरमोहन सिंह, मुनेश सैनी, दीपांशु विद्यार्थी, पूर्व जिला अध्यक्ष ठाकुर सुशील चौहान, सुशील त्यागी, संदीप गुप्ता, चेरब जैन, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रीति गुप्ता, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष अभिनव चौहान, पूर्व जिला अध्यक्ष संदीप गोयल, जिला उपाध्यक्ष आशु चौधरी आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *