उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी फील्ड मार्शल के नाम से प्रसिद्ध दिवाकर भट्ट का निधन हुआ.आज शाम साढ़े चार बजे ली अंतिम सांस, मुख्यमंत्री सहित अनेक राजनेताओं ने शोक व्यक्त किया।
फील्ड मार्शल दिवाकर भट्ट ने अस्पताल से घर पहुंच कर शाम 4:30 बजे घर पर ली अंतिम सांस। उत्तराखंड के पूर्व केबिनेट मंत्री और राज्य स्थापना में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले प्रमुख राज्य आंदोलनकारी दिवाकर भट्ट नहीं रहे। कल बुधवार को खड़खड़ी शमशान घाट पर होगा अंतिम संस्कार।
उत्तराखंड के दिग्गज नेता और फील्ड मार्शल के नाम से मशहूर पूर्व कैबिनेट मंत्री दिवाकर भट्ट का आज शाम निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे और हाल ही में देहरादून स्थित श्री इंद्रेश अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। आज ही अस्पताल से उन्हें डिस्चार्ज कर उनके हरिद्वार स्थित घर भेजा गया, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।
लंबी बीमारी से जूझ रहे थे दिवाकर भट्ट:-दिवाकर भट्ट जी पिछले कई महीनों से स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे। उपचार के दौरान कई बार उनकी हालत में सुधार भी हुआ, लेकिन अंततः आज उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया।
दिवाकर भट्ट उत्तराखंड क्रांति दल के संस्थापक सदस्यों में से एक थे,जो राज्य आंदोलन के अग्रणी नेता के रूप में शामिल रहे। उन्हें अक्सर ‘फील्ड मार्शल’ के नाम से जाना जाता था। उनका जन्म साल 1946 में हुआ था. वे युवावस्था से ही उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलन में सक्रिय रहे. वे साल 1980-90 के दशक में राज्य आंदोलन के प्रमुख चेहरा बने। उन्होंने पर्वतीय क्षेत्रों की उपेक्षा, पर्यावरण संरक्षण के अलावा अलग राज्य की मांग को मजबूती दी।
साल 2002 में दिवाकर भट्ट ने यूकेडी की टिकट से देवप्रयाग विधानसभा सीट से चुनाव लड़े, लेकिन हार गए। इसके बाद 2007 में यूकेडी से ही विधानसभा चुनाव लड़कर विधायक बने। इस दौरान वो भाजपा सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे।इसके बाद साल 2012 में चुनाव लड़े, लेकिन हार गए,साल 2017 में निर्दलीय चुनाव लड़े, लेकिन हार का सामना करना पड़ा। वहीं,साल 2022 का चुनाव उन्होंने यूकेडी की तरफ से लड़ा, लेकिन हार गए।
साल 2017 में यूकेडी के केंद्रीय अध्यक्ष चुने गए। पार्टी में गुटबाजी के कारण वे बीजेपी में शामिल हुए, लेकिन साल 2022 में वापस यूकेडी में लौट आए। उनके निधन पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शोक व्यक्त करते हुए उनके जनसेवा क्षेत्र में किए गए कार्यों को अविस्मरणीय बताया। पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल, सांसद कल्पना सैनी,प्रेम चंद्र अग्रवाल आदि सहित कांग्रेस नेता पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत,गणेश गोदियाल, कारण महारा , प्रीतम सिंह आदि यू के डी के नेताओं सहित अनेक राजनेताओं ने शोक व्यक्त किया है।

