मुरादाबाद के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में सांड ने एक बुजुर्ग दुकानदार को सींग से उठाकर पटक दिया। घायल बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना का वीडियो सामने आया है।
चंदन नगर निवासी खजान सिंह (65 वर्ष) शनिवार की सुबह करीब 10 बजे वह दुकान खोलने जा रहे थे। छड़ी के सहारे वह घर से बाहर निकल कर जा रहे थे तभी पीछे से एक सांड आ गया।
उसे देखते ही वह बचने के लिए सड़क के किनारे खड़े हो गए। इसी समय सांड से बचाने के लिए एक महिला खजान सिंह को पकड़कर गली में खींचने लगीं। बीते दिनों पैरालिसिस (लकवा) का अटैक होने के कारण वह तेज कदमों से नहीं चल पा रहे थे। फिर भी वह गली की तरफ चले गए थे।
घटना का वीडियो सामने आया जिसमें दिख रहा है कि एक युवक ने सांड को भगाने के लिए उसके शरीर पर पानी फेंका। पानी शरीर पर पड़ने के बाद सांड भड़क गया और दौड़ते हुए उसने सींग से उठाकर खजान सिंह को पटक दिया। वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
बुजुर्ग दुकानदार के बेटे राजेंद्र ने बताया कि वह घटना के समय घर में नहा रहे थे। उन्होंने घायल पिता को कांठ रोड अकबर का किला स्थित एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया। अस्पताल में इलाज के दौरान रविवार सुबह खजान सिंह ने दम तोड़ दिया।

