देव दीपावली और गुरु नानक जयंती की पावन संध्या पर धर्मनगरी हरिद्वार एक बार फिर सनातन आस्था और अखाड़ा परंपरा की दिव्य छटा से सराबोर हो गई। मंगलवार शाम करीब 6 बजे जैसे ही श्री पंचदशनाम जूना अखाड़े के रमता पंच परमेश्वर की जमात ने हरिद्वार की पावन धरती पर कदम रखा, पूरा शहर हर-हर महादेव और जय भगवान श्री दत्तात्रेय के जयकारों से गूंज उठा।
श्री पंचदशनाम जूना अखाड़े के अंतरराष्ट्रीय संरक्षक एवं अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के महामंत्री श्रीमहंत हरि गिरि जी महाराज के निर्देशन तथा उप आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कपिल पुरी जी महाराज की अध्यक्षता में यह भव्य नगर प्रवेश अखाड़े की प्राचीन सनातन परंपरा के अनुसार संपन्न हुआ।
रमता पंच परमेश्वर अखाड़े के इष्ट देवताओं और भगवान श्री दत्तात्रेय की पालकी के साथ निकली धार्मिक यात्रा चंडी चौक से शुरू होकर वाल्मीकि चौक और बिल्वकेश्वर रोड होते हुए पांडेवाला, ज्वालापुर पहुंची। मार्ग में श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर, आरती उतारकर और ढोल-नगाड़ों के साथ संतों का स्वागत किया।
साधुओं की टोली में त्रिशूल, डमरू, शंखनाद और भगवा पताकाओं की शोभा देखते ही बन रही थी।
नगर प्रवेश में अंतरराष्ट्रीय प्रवक्ता श्रीमहंत नारायण गिरि जी महाराज, महासचिव श्रीमहंत शैलेंद्र गिरि जी महाराज, अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्रीमहंत महेश पुरी जी महाराज, सचिन श्रीमहंत कंचन गिरि जी महाराज, श्रीमहंत महाकाल गिरि जी महाराज सहित श्रीमहंत संत पुरी, श्रीमहंत विजय गिरि, श्रीमहंत शांतानन्द सरस्वती, श्रीमहंत कौशल जी महाराज सहित बड़ी संख्या में संत-महात्मा शामिल रहे।
श्रीमहंत नारायण गिरि जी महाराज ने कहा कि देव दीपावली पर भगवान दत्तात्रेय और रमता पंच परमेश्वर का हरिद्वार आगमन अत्यंत मंगलकारी है। यह केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि कुंभ महापर्व 2027 की आध्यात्मिक शुरुआत है। श्रीमहंत हरि गिरि जी महाराज के निर्देशन में कुंभ के सभी कार्यक्रम सनातन परंपरा और अखाड़ा मर्यादा के अनुसार भव्यता और दिव्यता के साथ होंगे।
रमता पंच परमेश्वर, इष्ट देवताओं और भगवान दत्तात्रेय का धार्मिक प्रवास अब 14 जनवरी 2027 तक पांडेवाला, ज्वालापुर में रहेगा। इस दौरान रोज पूजन-अर्चन, आरती, भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठान होंगे, जिनमें दूर-दूर से श्रद्धालु भाग लेंगे।
मकर संक्रांति के पावन अवसर पर 14 जनवरी 2027 को जूना अखाड़े की भव्य पेशवाई निकाली जाएगी, जो श्री मायादेवी मंदिर स्थित अखाड़ा परिसर में प्रवेश करेगी। इसके बाद कुंभ मेला 2027 के धार्मिक कार्यक्रमों का विधिवत शुभारंभ होगा।



