संस्कृति स्कूल में आयोजित  पेरेंटिंग वर्कशॉप में अभिवावकों को बच्चों की भावनाओं, जरूरतों एवं व्यवहार को बेहतर ढंग से समझने तथा सकारात्मक पालन-पोषण के तरीकों के बारे में बताया गया।

शिक्षा हरिद्वार

हरिद्वार में रानीपुर मोड़ स्थित संस्कृति स्कूल में आज बुधवार को अभिभावकों के लिए एक विशेष एवं ज्ञानवर्धक पेरेंटिंग वर्कशॉप का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य अभिभावकों को बच्चों की भावनाओं, जरूरतों एवं व्यवहार को बेहतर ढंग से समझने तथा सकारात्मक पालन-पोषण के तरीकों से परिचित कराना था।
कार्यशाला का संचालन श्रीमती ऋचा गोयल द्वारा किया गया। उन्होंने रोचक गतिविधियों, संवाद एवं रोल प्ले के माध्यम से बच्चों के साथ बेहतर संबंध स्थापित करने तथा उनकी भावनाओं को समझने के महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रकाश डाला।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक बच्चे की तीन मूलभूत आवश्यकताएँ हैं – Connection (जुड़ाव), Boundaries (सीमाएँ) और Independence (आत्मनिर्भरता)। साथ ही, चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अपनाए जाने वाले CFLC Parenting Approach – Calm (शांत रहना), Connect (जुड़ना), Feel (भावनाओं को समझना), Choices (विकल्प देना) और Limits (सीमाएँ निर्धारित करना) के बारे में विस्तार से समझाया।

उन्होंने अभिभावकों को सलाह दी कि बच्चों की प्रशंसा उनके अच्छे कार्यों एवं प्रयासों के लिए करें, न कि केवल उनके व्यक्तित्व के लिए। बच्चों को भय के बजाय प्रोत्साहन और सकारात्मक मार्गदर्शन से आगे बढ़ने के अवसर दें। साथ ही, प्रतिदिन कम से कम 10 मिनट का गुणवत्तापूर्ण समय बिना किसी व्यवधान के बच्चों के साथ बिताने पर विशेष जोर दिया।

कार्यशाला में अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। संवाद एवं ओपन प्रश्नोत्तर सत्र के माध्यम से उनकी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।

इस अवसर पर संस्कृति स्कूल की निदेशिका श्रीमती दिव्या पंजवानी एवं प्रधानाचार्या श्रीमती श्वेता सहगल ने श्रीमती ऋचा गोयल का हार्दिक आभार व्यक्त किया तथा उनके उपयोगी मार्गदर्शन के लिए धन्यवाद दिया।

कार्यशाला का मुख्य संदेश रहा कि अच्छी परवरिश का अर्थ बच्चों को पूर्ण बनाना नहीं, बल्कि उनसे जुड़ना, उन्हें समझना और आत्मविश्वास एवं आत्मनिर्भरता के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है।

संस्कृति स्कूल की यह पहल अभिभावकों एवं विद्यालय के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार करने की दिशा में एक सार्थक प्रयास रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *