विश्व प्रसिद्ध श्री बदरीनाथ धाम के कपाट सोमवार रात्रि 9 बजकर 37 मिनट पर कर्क लग्न में विधि-विधान और धार्मिक परंपराओं के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने के अवसर पर बदरीपुरी भगवान बदरीविशाल के जयघोष से गुंजायमान हो उठी। इस वर्ष संपूर्ण यात्रा काल में रिकॉर्ड 23 लाख 49 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने भगवान बदरीविशाल के दर्शन किए।

कपाट बंद होने की प्रक्रिया के तहत 12 नवंबर से पंच पूजाएं शुरू हुई थीं। 15 नवंबर तक आदि केदारेश्वर सहित विभिन्न सहवर्ती मंदिरों के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। सोमवार को कपाट बंद होने की अंतिम प्रक्रिया के तहत बीकेटीसी के मुख्य पुजारी रावल अमरनाथ नंबूदरी ने माता लक्ष्मी की सखी का रूप धारण कर उन्हें मंदिर के गर्भगृह में विराजमान किया। इसके बाद बदरीश पंचायत में विराजमान भगवान उद्धव जी और कुबेर जी के चल विग्रहों को परंपरानुसार गर्भगृह से मंदिर परिसर में लाया गया। अंत में भगवान बदरीविशाल की निर्वाण मूर्ति को घृत कंबल ओढ़ाया गया और रात्रि 9 बजकर 37 मिनट पर मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए।
बीकेटीसी मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने बताया कि मंगलवार 17 नवंबर को सेना के बैंड की मधुर धुनों के बीच भगवान उद्धव जी और कुबेर जी की उत्सव डोलियां समारोहपूर्वक योग बदरी पांडुकेश्वर के लिए प्रस्थान करेंगी। शीतकाल में दोनों देवताओं की पूजा-अर्चना यहीं संपन्न होगी। वहीं, श्री गरुड़ जी और आदि गुरु शंकराचार्य जी की गद्दी शीतकालीन गद्दीस्थल श्री नृसिंह मंदिर ज्योतिर्मठ पहुंचेगी। गरुड़ जी मंगलवार को सीधे ज्योतिर्मठ प्रस्थान करेंगे, जबकि रावल और नायब रावल आदि गुरु शंकराचार्य जी की गद्दी के साथ योग बदरी पांडुकेश्वर में प्रवास करेंगे। बुधवार 18 नवंबर को आदि गुरु शंकराचार्य जी की गद्दी श्री नृसिंह मंदिर ज्योतिर्मठ में विराजमान होगी।


