सिद्धपीठ पवित्र गुफा वैष्णोदेवी मंदिर माता लाल देवी में जलाराम बप्पा की 224वीं जयंती श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई।

धार्मिक हरिद्वार

करूणा, मानवता व दयालुता की प्रतिमूर्ति थे जलाराम बापा: भक्त दुर्गादास
उत्तरी हरिद्वार की प्रख्यात धार्मिक संस्था श्री लाल माता मन्दिर वैष्णों देवी गुफा में गुजराती श्रद्धालुओं की उपस्थिति में धूमधाम से आयोजित की गयी 224वीं जयंती
हवन-पूजन और आरती के बाद साधु-संतों को कराया भंडारा, दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालु
हरिद्वार। सिद्धपीठ पवित्र गुफा वैष्णोदेवी मंदिर माता लाल देवी में जलाराम बप्पा की 224वीं जयंती श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। जयंती के अवसर पर मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना, हवन और आरती का आयोजन किया गया। विद्वान पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से अनुष्ठान संपन्न कराया। इस दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा और श्रद्धालुओं ने जलाराम बप्पा के जयकारे लगाए।
मंदिर परिसर में स्थापित जलाराम बप्पा की मूर्ति का विशेष श्रृंगार किया गया। सैकड़ों गुजराती श्रद्धालुओं व क्षेत्रवासियों ने बप्पा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। धार्मिक अनुष्ठान के बाद साधु-संतों के लिए भोजन भंडारे का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में संतों और श्रद्धालुओं ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया।
मंदिर के संचालक भक्त दुर्गादास ने कहा कि जलाराम बप्पा मानवता, सेवा, त्याग, करुणा और मानव कल्याण के प्रतीक हैं। उन्होंने अपना समूचा जीवन समाज की कुरीतियों को समाप्त करने व सनातन को मजबूत करने में लगाया। उनकी जयंती पर मंदिर में प्रतिवर्ष श्रद्धा के साथ धार्मिक आयोजन किए जाते हैं। इस बार भी हवन-पूजन, आरती और साधु-संतों के लिए भंडारे का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि जलाराम बप्पा के प्रति श्रद्धालुओं की गहरी आस्था है और उनके दर्शन के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचते हैं।
उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर में जलाराम बप्पा की मूर्ति स्थापित होने के बाद यहां आने वाले श्रद्धालु माता लाल देवी के दर्शन के साथ ही बप्पा के दर्शन और पूजा-अर्चना भी करते हैं। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों का उद्देश्य लोगों को सेवा, सद्भाव और आध्यात्मिकता से जोड़ना है।
जयंती समारोह के दौरान गुजरात से आए श्रद्धालुओं ने भी विशेष रूप से पूजा-अर्चना में भाग लिया। पंडितों ने मंत्रोच्चार के बीच हवन में आहुतियां डलवाकर विश्व कल्याण और परिवारों की सुख-शांति की कामना की। इसके बाद जलाराम बप्पा की आरती की गई। आरती के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही।
इस अवसर पर गुजरात से धर्मबाई, पालबाई, मेहरा बेन, अनुशाली, धर्मेश भाई, शिव नमकी, पंडित हीरा जोशी, पंडित हेमंत थपलियाल, राकेश सकलानी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। आयोजन के समापन पर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *