पांच महीने की वार्षिक बंदी के बाद रविवार को राजाजी टाइगर रिजर्व के गेट जंगल सफारी के लिए खोल दिए गए।
गेट खुलने के साथ ही नए पर्यटन सत्र की शुरुआत हो गई। चीला रेंज में जंगल सफारी शुरू होने के साथ ही पर्यटकों की आवाजाही भी शुरू हो गई।
शिवालिक नगर पालिका के चेयरमैन राजीव शर्मा और वार्डन विजय सैनी ने विधि विधान के साथ फीता काटकर चीला रेंज के गेट खोले।
जंगल सफारी के शौकीनों को अब एक बार फिर राजाजी के जंगलों में हाथी, हिरण, गुलदार और अन्य पक्षियों व वन्यजीवों को प्राकृतिक वातावरण में देखने का मौका मिलेगा। पहले ही दिन चीला रेंज की सभी स्लॉट और सफारी गाड़ियां बुक हो गई। यूएसए से आए 29 छात्रों और उनके चार शिक्षकों ने भी जंगल सफारी का लुत्फ उठाया।
वार्डन विजय सैनी ने बताया कि चीला रेंज जंगल सफारी के लिए पर्यटकों की पहली पसंद है। 15 नवंबर से 15 जून तक जंगल सफारी चलेगी। यहां विभिन्न प्रकार के वन्य जीव जंगल सफारी के दौरान देखने को मिलते हैं। प्रयास है कि वन और वन्यजीवों को सुरक्षित रखते हुए जंगल सफारी कराई जाए। राजस्व प्राप्ति के मामले में भी चीला रेंज सबसे ऊपर है, यहां हर साल रिकॉर्ड तोड़ पर्यटक आते हैं।



