जगजीतपुर स्थित शिवडेल स्कूल एवं स्ववेद प्ले ग्रुप में दीपावली का पर्व हर्षोल्लास एवं पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया। विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रस्तुतियों और विविध गतिविधियों ने समारोह को विशेष आकर्षण प्रदान किया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के अध्यक्ष स्वामी शरदपुरी जी महाराज के आशीर्वचनों एवं दीपावली संदेश के साथ हुआ। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि दीपावली अंधकार पर प्रकाश, अज्ञान पर ज्ञान और नकारात्मकता पर सकारात्मकता की विजय का प्रतीक है। यह पर्व हमें अपने जीवन में प्रेम, करुणा, सद्भावना और सेवा के भाव अपनाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण के प्रति सजग रहते हुए सुरक्षित एवं प्रदूषणमुक्त दीपावली मनाने का आह्वान किया।

समारोह के अंतर्गत सभी कक्षाओं के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों में प्रतिभाग किया। ग्रीटिंग कार्ड निर्माण, हस्तशिल्प, पाक-कला एवं रंगोली सज्जा के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा और सृजनात्मक सोच का परिचय दिया। बच्चों द्वारा तैयार किए गए आकर्षक शुभकामना कार्ड, सजावटी वस्तुओं और रंग-बिरंगी रंगोलियों ने विद्यालय परिसर की शोभा बढ़ाई। समारोह का विशेष आकर्षण सामाजिक सरोकारों एवं समसामयिक विषयों पर आधारित रंगोलियां रहीं। विद्यार्थियों ने पर्यावरण अनुकूल दीपावली, ऊर्जा संरक्षण, विकसित भारत, अन्नदाता किसान, जल बचाओ–पृथ्वी बचाओ, समृद्धि के लिए सत्यनिष्ठा तथा परंपरा और तकनीक का संगम जैसे विषयों को रंगों एवं कलात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से प्रभावशाली रूप में प्रस्तुत किया। इन रंगोलियों के जरिए विद्यार्थियों ने जल एवं पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा की बचत, राष्ट्र निर्माण, किसानों के सम्मान, नैतिक मूल्यों तथा भारतीय परंपराओं और आधुनिक तकनीक के समन्वय का सार्थक संदेश दिया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य अरविंद बंसल जी ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में जीवनोपयोगी मूल्यों, रचनात्मक सोच और सामाजिक चेतना का विकास करना भी है। त्योहारों के माध्यम से बच्चों को अपनी सांस्कृतिक विरासत एवं परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि दीपावली का वास्तविक संदेश तभी सार्थक होगा, जब हम अपने जीवन में अच्छाई का प्रकाश फैलाने के साथ प्रकृति और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का भी निर्वहन करें। समारोह में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही। विद्यालय परिवार ने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।


