नितिन यदुवंशी ने जिलाधिकारी से भूपतवाला पीठ बाजार के दुकानदारों को स्थान उपलब्ध कराने और पटरी मार्ग की दशा सुधारने की मांग की।

समस्या हरिद्वार

समाजसेवी नितिन यादव यदुवंशी ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर भूपतवाला क्षेत्र में भागीरथी बिंदु से गीता कुटीर तक गंगा किनारे स्थित पटरी मार्ग को दुरूस्त करने और भूपतवाला में लगने वाले पीठ बाजार से हटाए गए दुकानदारों को दूधाधारी चौक पर फ्लाईओवर के नीचे या किसी अन्य सरकारी भूमि पर अस्थाई रूप से बाजार लगाने की अनुमति दिए जाने की मांग की है। जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक सोमवार आयोजित किए जाने वाले जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान सौंपे ज्ञापन के दौरान नितिन यादव यदुवंशी ने बताया कि पटरी मार्ग की स्थिति अत्यंत दयनीय हो चुकी है। सड़क जगह-जगह से पूरी तरह टूट चुकी है और उसमें गहरे गड्ढे बन गए हैं। स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से बंद होने के कारण रात के समय सड़क पर पूरी तरह अंधेरा रहता है, जिससे राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि इस मार्ग पर प्रतिदिन सैकड़ों क्षेत्रवासी सुबह शाम टहलने और व्यायाम करने आते हैं। साथ ही पुलिस व अन्य सरकारी भर्तियों की तैयारी कर रहे स्थानीय युवा भी इसी मार्ग पर दौड़ का अभ्यास करते हैं। सड़क के खस्ताहाल होने से लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। आगामी स्नान पर्वों और कुंभ मेले के दौरान देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु भी इसी मार्ग का भारी संख्या में उपयोग करते हैं। उन्होंने कहा कि व्यापक जनहित को देखते हुए मार्ग का अविलंब पुनर्निर्माण, मरम्मत और सौंदर्यीकरण कराया जाए। पीठ बाजार के व्यापारियों की आजीविका का मुद्दा उठाते हुए बताया कि भूपतवाला में वर्ष 2000 से लग रहे पीठ बाजार में 150 से अधिक छोटे दुकानदार सब्जी, फल, कपड़े और घरेलू सामान बेचकर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। लेकिन कुंभ मेला 2027 की तैयारियों के अंतर्गत जिस प्लॉट में बाजार लग रहा था, उसे प्रशासन द्वारा बंद करवा दिया गया है, जिससे गरीब दुकानदारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। नितिन यादव ने आरोप लगाते हुए पत्र में बताया कि पिछले कुछ हफ्तों से मोतीचूर स्टेशन वाली सड़क पर रेड़ी-ठेली लगा रहे दुकानदारों से कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा अवैध उगाही की जा रही है। पैसे न देने वाले दुकानदारों को धमकाया जा रहा है। नितिन यादव ने कहा कि  दुकानदारों को पास के एक खाली पड़े निजी प्लॉट में शिफ्ट कर दिया है, जहां प्रत्येक दुकानदार से 100 रूपए वसूल किए जा रहे हैं और बाहर सड़क पर दुकान लगाने वालों से भी 100-100 रूपए की अवैध वसूली की जा रही है। नितिन यादव ने जिलाधिकारी से दोनों समस्याओं का संज्ञान लेते हुए कार्यवाही की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *