देहरादून के रायपुर में बुजुर्ग दंपति सहित तीन की हत्या का  खुलासा करते हुए पुलिस ने आरोपी को किया गिरफतार, हत्याओं का कारण जानकर हो जाएंगे हैरान।

Dehradun Police अपराध उत्तराखंड

देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र के तपोवन स्थित विष्णुलोक कॉलोनी में मात्र तीन सौ रुपए के विवाद में बुजुर्ग दंपती और एक महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजकुमार पुत्र वीरेंद्र सिंह, निवासी इंद्रेश नगर, सहारनपुर चौक, देहरादून के रूप में हुई है। आरोपी मूल रूप से बांदा, थाना किरतपुर, जनपद बिजनौर, उत्तर प्रदेश का रहने वाला है।

पुलिस के मुताबिक राजकुमार प्लंबर का काम करता है और पिछले करीब दो वर्षों से बुजुर्ग दंपती के घर पर प्लंबिंग का काम करने आता था। मंगलवार को भी बुजुर्ग दंपती ने उसे प्लंबिंग के काम के लिए अपने घर बुलाया था। काम पूरा होने के बाद पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि कहासुनी के दौरान राजकुमार ने अपने पास रखे पेचकस से बुजुर्ग दंपती पर हमला कर दिया।

इसी दौरान पड़ोस के घर में काम करने वाली नौकरानी तिलया देवी उर्फ शीला बुजुर्ग दंपती की आवाज सुनकर वहां पहुंची और बीच-बचाव का प्रयास किया। आरोप है कि आरोपी ने उस पर भी पेचकस से हमला कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को तत्काल कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल से वारदात में प्रयुक्त पेचकस बरामद किया है। आरोपी के पास से एक सोने की चेन भी बरामद होने की बात पुलिस ने बताई है।

घटना के बाद एसएसपी देहरादून समेत पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली। फॉरेंसिक और फील्ड यूनिट की टीम ने घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कर साक्ष्य जुटाए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर आरोपी बुजुर्ग दंपती के घर की ओर अकेला जाता हुआ दिखाई दिया है। पुलिस अन्य कैमरों की फुटेज का भी बारीकी से अवलोकन कर रही है।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद के बाद बुजुर्ग दंपती और बीच-बचाव करने आई महिला पर हमला करने की बात स्वीकार की है। मामले में मृतका के परिजनों की तहरीर पर थाना रायपुर में हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी राजकुमार को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

मृतकों की पहचान⤵️

रजनी कपूर (75) पत्नी रमेश चंद्र कपूर, निवासी लेन नंबर दो, विष्णुलोक कॉलोनी, तपोवन रोड, रायपुर।

रमेश कपूर (80) पुत्र स्व. द्वारिका दास कपूर, निवासी उपरोक्त।

तिलया देवी उर्फ शीला (48) पत्नी स्व. पवन राम, निवासी बिहारी बस्ती, विद्या विहार, रायपुर। वह बुजुर्ग दंपती के पड़ोस में घरेलू काम करती थीं।

गिरफ्तार आरोपी: राजकुमार पुत्र वीरेंद्र सिंह, निवासी इंद्रेश नगर, सहारनपुर चौक, थाना कोतवाली नगर, देहरादून। मूल निवासी बांदा, थाना किरतपुर, जनपद बिजनौर, उत्तर प्रदेश।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *