रोटरी क्लब रानीपुर द्वारा इंटरप्लास्ट जर्मनी एवं रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम, कनखल, हरिद्वार के संयुक्त सहयोग से दिनांक 23 नवम्बर से 4 दिसम्बर, 2026 तक रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम अस्पताल में एक विशाल निःशुल्क प्लास्टिक सर्जरी शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
इस शिविर में जर्मनी से इंटरप्लास्ट की 11 सदस्यीय चिकित्सा टीम हरिद्वार पहुंचेगी, जिसमें अनुभवी चिकित्सक एवं नर्सिंग स्टाफ शामिल होंगे। जर्मनी से आए विशेषज्ञ स्थानीय चिकित्सकों के सहयोग से मरीजों की जांच, उपचार एवं आवश्यक प्लास्टिक सर्जरी करेंगे।
इस शिविर में निम्नलिखित समस्याओं से पीड़ित मरीजों का निःशुल्क उपचार किया जाएगा:
आग से जलने के बाद त्वचा एवं अंगों में आई विकृति और सिकुड़न (Post Burn Contractures)।
जन्मजात शारीरिक विकृतियां एवं दिव्यांगता (Congenital Physical Disabilities)।
एसिड अटैक से प्रभावित मरीज।
शरीर पर मौजूद बाहरी ट्यूमर एवं गांठें (External Tumors)।
उपरोक्त समस्याओं से संबंधित अन्य आवश्यक प्लास्टिक सर्जरी उपचार।
शिविर की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता यह है कि मरीजों को किसी भी प्रकार का भुगतान नहीं करना होगा। मरीजों के लिए सर्जरी, दवाइयां, अस्पताल में रहने की व्यवस्था, भोजन, ऑपरेशन के बाद की दवाइयां एवं पोस्ट-ऑपरेटिव देखभाल सहित सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। इन सुविधाओं के लिए मरीजों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
इस पूरे शिविर का व्यय रोटरी क्लब रानीपुर एवं रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम, कनखल, हरिद्वार द्वारा संयुक्त रूप से वहन किया जाएगा।
23 नवम्बर को होगा मरीजों का पंजीकरण एवं चयन
शिविर में उपचार के इच्छुक मरीजों के लिए दिनांक 23 नवम्बर, 2026 को प्रातः 9:00 बजे से पंजीकरण एवं ओपीडी (OPD) आयोजित की जाएगी। इसी दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों की जांच कर सर्जरी एवं उपचार के लिए उनका चयन किया जाएगा। चयनित मरीजों की सर्जरी दिनांक 24 नवम्बर, 2026 की सुबह से प्रारंभ कर दी जाएगी।
विशेष हेल्पलाइन नंबर जारी
शिविर के संबंध में जानकारी प्राप्त करने, पंजीकरण एवं उपचार से संबंधित जानकारी के लिए एक विशेष हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है। इच्छुक मरीज एवं उनके परिजन निम्नलिखित नंबर पर संपर्क कर सकते हैं:
हेल्पलाइन नंबर: 7417403484
हरिद्वार में रोटरी क्लब रानीपुर का 15वां शिविर
उल्लेखनीय है कि रोटरी क्लब रानीपुर वर्ष 2008 से हरिद्वार में इस प्रकार के निःशुल्क प्लास्टिक सर्जरी शिविरों का आयोजन करता आ रहा है। वर्ष 2026 में आयोजित होने वाला यह क्लब का 15वां शिविर है। पिछले 14 शिविर में 1200 से अधिक मरीज निशुल्क सर्जरी का लाभ ले चुके हैं। पिछले वर्षों की भांति इस बार भी क्लब का प्रयास है कि आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद मरीजों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं बिना किसी आर्थिक बोझ के उपलब्ध कराई जा सकें।
रोटरी क्लब रानीपुर एवं रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम ने सभी जरूरतमंद मरीजों एवं उनके परिजनों से इस शिविर की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की है, ताकि इस जनकल्याणकारी पहल का लाभ अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों को मिल सके।


