हरिद्वार जनपद की सड़कों को 15 अक्टूबर तक गड्ढामुक्त करने के लक्ष्य को पूरा करने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने रविवार को विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ चंडी चौक, चंडी पुल, आयरिश पुल के पास, बैरागी कैंप और दक्षद्वीप सहित कई स्थानों पर पहुंचकर सड़क मरम्मत और निर्माण कार्यों की प्रगति देखी। इस दौरान उन्होंने डामरीकरण और पेंचवर्क में तेजी लाने के साथ श्रमिकों की संख्या बढ़ाने तथा लंबित कार्यों को तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में जनपद की सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसी को लेकर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क मरम्मत के काम में अनावश्यक देरी न हो। जिन स्थानों पर काम अभी बाकी है, वहां पर्याप्त श्रमिक और संसाधन लगाकर कार्य तेजी से पूरा किया जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार 15 अक्टूबर तक जनपद की सड़कों को गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य को गंभीरता से लेते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारी सभी चिन्हित स्थानों पर डामरीकरण एवं पेंचवर्क का कार्य तेज गति से सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जहां भी सड़क मरम्मत का कार्य लंबित है, वहां पर्याप्त संख्या में श्रमिक एवं संसाधन बढ़ाकर कार्य की गति में तेजी लाई जाए।


