भ्रामक विज्ञापन एवं गलत दावों वाले खाद्य तेल के प्रचार को लेकर अभिनेत्री अर्चना पूरन सिंह और निर्माण कंपनी को खाद्य सुरक्षा विभाग ने नोटिस जारी किया।

समस्या स्वास्थ्य हरिद्वार

भ्रामक विज्ञापन एवं गलत दावों वाले खाद्य तेल उत्पादों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, दो कंपनियों एवं एक एक्ट्रेस को जारी किया गया नोटिस

लेबल, विज्ञापन और ई-कॉमर्स वेबसाइट पर एफएसएसएआई लोगो व स्वास्थ्य संबंधी दावों में अनियमितताएं मिलने पर मांगा गया स्पष्टीकरण।खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा भ्रामक विज्ञापनों एवं खाद्य उत्पादों पर किए जा रहे गलत दावों के विरुद्ध अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की गई है। अभियान के दौरान खाद्य तेल उत्पादों के लेबल, प्रीत लाइट गोल्ड मल्टी सोर्स एडिबल ऑयल के विज्ञापनों तथा ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर प्रदर्शित जानकारी की जांच में अनियमितताएं पाए जाने पर तीन कंपनियों को नोटिस जारी किए गए हैं।                सहायक आयुक्त एवं अभिहित अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया कि वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन द्वारा खाद्य पदार्थ- फ्रीट लाइट गोल्ड मल्टी सोर्स एडिबल ऑयल के लेबल पर ग्राहकों के लिये प्रदर्शित की गयी लेबल सूचनाओं में पायी गयी अनियमितताओं, खाद्य उत्पाद के सेल्स प्रमोशन के लिये फिल्मी एक्ट्रेस द्वारा दिये गये खाद्य उत्पाद इंडोर्समेंट और ई-कॉमर्स प्लेटफार्म अमेजन पर गलत खाद्य उत्पाद जानकारियों के आधार पर निर्माता कम्पनी, ई-कॉमर्स अमेजन तथा एक्ट्रेस अर्चना पूरण सिंह को नोटिस जारी किया गया है।
     उन्होंने बताया कि वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन द्वारा प्रीट लाइट गोल्ड मल्टी सोर्स एडिवल ऑयल का नमूना प्रयोगशाला जांच हेतु लिया गया था तथा लेबल पर एक्ट्रेस अर्चना पूरण सिंह द्वारा अपने फोटो के साथ टैगलाइन “खाना बनाओ, स्वाद पाओ” के साथ उक्त तेल का प्रचार-प्रसार (इंडोर्समेंट) किया गया है तथा साथ ही फोर्टिफाइड फूड का लोगो भी प्रदर्शित किया गया है।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन द्वारा लेबल की जांच में पाया गया कि निर्माता कम्पनी मैं॰ तपन एग्रो इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा FSSAI, नई दिल्ली से फूड फोर्टिफाइड लोगो का सर्टिफिकेशन कराये बिना ही भ्रामक रूप से उक्त लोगो का उपयोग ग्राहकों को भ्रमित करने के लिये किया जा रहा है। इसके साथ ही निर्माता कम्पनी द्वारा उक्त खाद्य तेल के लेबल पर कई क्लेम एवं हैल्थ क्लेम किये गये हैं, जिनके स्पष्टीकरण को दस्तावेजों के साथ प्रस्तुत करने, एक्ट्रेस अर्चना पूरण सिंह के साथ विज्ञापन एवं इंडोर्समेंट की शर्तों एवं सहमति पत्र को प्रस्तुत करने, किये गये क्लेम के बारे में दस्तावेजीय प्रमाण उपलब्ध कराने के लिये निर्माता कम्पनी – मैं० तपन एग्रो इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड, आगरा को दिलीप जैन द्वारा नोटिस जारी किया गया है।
एक्ट्रेस अर्चना पूरण सिंह को, भ्रामक रूप से फोर्टिफाइड फूड का लोगो तथा अमेजन वेबसाइट पर गलत जानकारी के आधार पर उनके फोटो लगे उत्पाद लेबल के कारण दिलीप जैन द्वारा नोटिस जारी किया गया है। अर्चना पूरण सिंह से नोटिस के माध्यम से उक्त खाद्य उत्पाद के विज्ञापन एवं इंडोर्समेंट करने के लिये किये गये एग्रीमेंट की कॉपी, सहमति पत्र की कॉपी प्रस्तुत करने तथा खाद्य उत्पाद के विज्ञापन एवं इंडोर्समेंट से सम्बन्धित जानकारियों, किये गये क्लेम का स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के लिये कहा गया है।
       अमेजन वेबसाइट द्वारा मैं० अमेजन सेलर सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड,हुबली कर्नाटक को दिलीप जैन द्वारा नोटिस जारी किया गया है। अमेजन द्वारा ई-कॉमर्स के माध्यम से यह खाद्य तेल ग्राहकों को ऑनलाइन उपलब्ध कराया जा रहा है तथा अमेजन द्वारा उक्त खाद्य उत्पाद की डिटेल को अतिशयोक्तिपूर्ण दावों एवं गलत जानकारी के साथ अपनी वेबसाइट पर ग्राहकों के लिये प्रस्तुत किया गया है, जिसके कारण उक्त दावों एवं गलत जानकारियों के सम्बन्ध में दस्तावेजों के साथ स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *