त्यौहारी सीजन के दृष्टिगत हरिद्वार में जिला खाद्य सुरक्षा विभाग सतर्क नजर आ रहा है। रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर लोगों को शुद्ध और सुरक्षित मिठाइयां व खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके इसके लिए विभाग ने विशेष अभियान चला रखा है।
जिले भर में चल रहे जांच अभियान में विभाग की ओर से पिछले 10 दिनों में 50 से अधिक मिठाइयों और दूध से बने उत्पादों के सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए हैं। इसके अलावा एक मिठाई निर्माण इकाई में अत्यधिक गंदगी पाए जाने पर दो क्विंटल से अधिक तैयार मिठाई को नष्ट कराया गया है।


जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी एमएन जोशी का कहना है कि विभाग की टीमें शहर से लेकर देहात तक मिठाइयों की दुकानों का औचक निरीक्षण कर रही हैं। प्रयोगशाला में सैंपल फेल होने और नोटिस का संतोषजनक जवाब ना मिलने की स्थिति में संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ न्यायालय में वाददायक किए जाएंगे।

