जगजीतपुर स्थित शिवडेल स्कूल एवं स्ववेद प्ले ग्रुप में स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने विभिन्न रंगारंग एवं देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना को अभिव्यक्त किया। कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षण तिरंगा रैली में हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे नन्हे-मुन्ने बच्चों ने विद्यालय परिसर में उत्साहपूर्वक रैली निकाली। “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के उद्घोष से पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति की भावना से गूंज उठा। बच्चों के हाथों में लहराता तिरंगा और उनके चेहरों पर दिखाई देती उत्साह एवं प्रसन्नता ने सभी का मन मोह लिया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, सामूहिक नृत्य, भाषण एवं फैंसी ड्रेस सहित अनेक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। विभिन्न स्वतंत्रता सेनानियों एवं राष्ट्रीय विभूतियों के रूप में सजे बच्चों ने भारत के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम की स्मृतियों को जीवंत कर दिया। विद्यालय के चेयरमैन स्वामी शरदपुरी ने अपने संदेश में विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि स्वतंत्रता केवल हमारा अधिकार नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य आज के बच्चों के हाथों में है। इसलिए उन्हें शिक्षा के साथ-साथ संस्कार, अनुशासन, ईमानदारी एवं राष्ट्रसेवा की भावना को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे अपने छोटे-छोटे सकारात्मक कार्यों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दें। विद्यालय के प्रधानाचार्य अरविंद बंसल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें उन महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान की याद दिलाता है, जिनके कारण आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं। उन्होंने कहा, “देशभक्ति केवल तिरंगा फहराने या राष्ट्रगान गाने तक सीमित नहीं है; अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करना, देश की संपत्ति एवं पर्यावरण की रक्षा करना तथा एक जिम्मेदार नागरिक बनना भी सच्ची देशभक्ति है।” उन्होंने विद्यार्थियों को देश की एकता, अखंडता एवं गौरव को सदैव सर्वोपरि रखने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में समन्वयक विपिन मलिक सहित विद्यालय की समर्पित शिक्षक टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।



