भगतसिंह चौक रेल पुलिया और चंद्राचार्य चौक क्षेत्र में नगर निगम टीम ने की नालों की सफाई.

प्रशासन समस्या हरिद्वार

नालों की सफाई होने से व्यापारियों और आमजन को मिलेगी जलभराव से राहत-मृदुल कौशिक
बरसात में होने वाली जलभराव की समस्या के दृष्टिगत नगर निगम टीम ने चंद्राचार्य चौक और भगतसिंह चौक रेलवे पुलिस क्षेत्र में नालों की सफाई के लिए अभियान चलाया। सेनेटरी इंस्पेक्टर श्रीकांत चौधरी के नेतृत्व में चलाए गए सफाई अभियान में स्थानीय व्यापारियों ने भी नगर निगम टीम का सहयोग किया। न्यू चंद्राचार्य चौक व्यापार मंडल के अध्यक्ष मृदुल कौशिक ने बताया कि हर साल बरसात के मौसम में भगतसिंह चौक रेलवे पुलिया के नीचे से लेकर चंद्राचार्य चौक तक होने वाले जलभराव की वजह से व्यापारियों और लोगों को भारी समस्या का सामना करना पड़ता है। समस्या के समाधान के लिए सेनेटरी इंस्पेक्टर श्रीकांत चौधरी की मौजूदगी में नगर निगम के सफाईकर्मियों नालों की सफाई कर भारी मात्रा में कूड़ा-कचरा निकाला है। मृदुल कौशिक ने बताया कि चंद्राचार्य चौक से लेकर भगतसिंह चौक रेलवे पुलिया मार्ग तक सड़क के दोनों किनारों के नाले गहरे और चौड़े हैं। नालों की सफाई करने में कर्मचारियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसे देखते हुए व्यापारियों ने भी नालों पर लगे स्लैब हटाने में सहयोग किया। उन्होंने कहा कि यदि नाले साफ रहेंगे तो बरसात के दौरान जलभराव की स्थिति सामान्य रहेगी और व्यापारियों के साथ राहगीरों को भी सुविधा मिलेगी। इस दौरान सचिन गुप्ता, मुनीश गर्ग, आर्यन, पंकज अरोड़ा, नितिन शर्मा, योगेश सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *