चंडी देवी मंदिर मार्ग और परिसर में गंदगी पर राज्यमंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि ने जतायी नाराजगी
दर्जाधारी राज्य मंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि ने चंडी देवी मंदिर मार्ग एवं मंदिर परिसर का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मंदिर मार्ग और परिसर में फैली गंदगी पर उन्होंने गहरी नाराज़गी व्यक्त की। उन्होंने उषा ब्रेको एवं संबंधित दुकानदारों को स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस पवित्र स्थल पर किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।


निरीक्षण के दौरान मंदिर मार्ग पर कई स्थानों पर दरार आने पर भी उन्होंने कड़ी नाराज़गी जतायी और वन विभाग एवं उषा ब्रेको के अधिकारियों को तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कर मार्ग को सुरक्षित एवं सुगम बनाने के निर्देश दिए। ओमप्रकाश जमदग्नि ने संबंधित अधिकारियों एवं उषा ब्रेको के प्रबंधक को चेतावनी देते हुए तीन दिनों के भीतर मंदिर मार्ग एवं परिसर की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोबारा इस प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।


