लगातार हो रहे पेपर लीक एवं भर्ती घोटालों के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पर प्रदर्शन कर राष्ट्रपति को ज्ञापन प्रेषित किया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पेपर लीक एवं भर्ती घोटालों की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए, नकल माफिया पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए, परीक्षा एवं भर्ती प्रणाली को पूर्णतः पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाया जाए, लंबित भर्तियों को शीघ्र पूरा किया जाए तथा बार-बार उत्पन्न होने वाली अव्यवस्थाओं के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए। साथ ही प्रतियोगी परीक्षार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य एवं परामर्श की विशेष व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा युवाओं के भविष्य की रक्षा के लिए स्थायी एवं प्रभावी राष्ट्रीय नीति बनाने की भी मांग की। महानगर कांग्रेस कमेटी ने चेतावनी दी कि यदि युवाओं के भविष्य के साथ हो रहे इस अन्याय पर शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो कांग्रेस पार्टी युवाओं के हितों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से अपना संघर्ष और तेज करेगी।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के संयोजन में आयोजित विरोध प्रदर्शन को संबोधित करते हुए महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग और स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मुरली मनोहर ने कहा कि देशभर में लगातार पेपर लीक, परीक्षाओं के निरस्तीकरण, भर्ती प्रक्रियाओं में हो रही देरी के मामले सामने आ रहे हैं। इसे रोकने में नाकाम सिद्ध हुए शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान को अपने पद से त्यागपत्र दे देना चाहिए। ब्लॉक अध्यक्ष अजय गिरी और ब्लॉक अध्यक्ष रचना शर्मा ने कहा कि वर्षों की कठिन मेहनत और अथक परिश्रम कर प्रतियोगी परीक्षााओं की तैयारी करने वाले लाखों छात्र-छात्राओं को निराशा और असुरक्षा का सामना करना पड़ रहा है। युवाओं का सरकारी संस्थाओं पर विश्वास लगातार कमजोर हो रहा है और उनके भविष्य पर गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष संतोष चौहान और प्रदेश महासचिव वरुण बालियान ने कहा कि केंद्र सरकार युवाओं को सुरक्षित और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष अंजू मिश्रा और महानगर कांग्रेस महासचिव राजीव भार्गव ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक और भर्ती घोटाले देश के करोड़ों युवाओं के सपनों को कुचलने का कार्य कर रहे हैं। एससी एसटी विभाग के जिलाध्यक्ष तीर्थपाल रवि और पार्षद हिमांशु गुप्ता ने कहा कि यह केवल प्रशासनिक लापरवाही नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य के साथ गंभीर अन्याय है। पार्षद नौमान अंसारी और पार्षद प्रतिनिधि शहाबुद्दीन अंसारी ने कहा कि उत्तराखंड सहित देशभर में प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े विवाद लगातार बढ़ रहे हैं, इससे योग्य एवं मेहनती अभ्यर्थियों का मनोबल टूट रहा है और बेरोजगार युवाओं में गहरा आक्रोश व्याप्त है। पार्षद प्रतिनिधि पुनीत कुमार और पूर्व पार्षद कैलाश भट्ट ने कहा कि हाल ही में प्रतियोगी परीक्षाओं के तनाव से जुड़ी दुखद घटनाओं ने स्पष्ट कर दिया है कि सरकार को इस विषय को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रभावी कदम उठाने चाहिए। यूथ कांग्रेस प्रदेश महासचिव उत्कर्ष वालिया और वरिष्ठ श्रमिक नेता विकास सिंह ने कहा कि पेपर लीक एवं भर्ती घोटालों की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। नकल माफिया पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए, परीक्षा एवं भर्ती प्रणाली को पूर्णतः पारदर्शी ज्ञापन सौंपने वालों में मुख्य रूप से महिला कांग्रेस की प्रदेश महासचिव नलिनी दीक्षित, सुमन अग्रवाल, पार्षद महावीर वशिष्ठ, बीपीएस तेजियान, विजय प्रजापति, उज्जवल वालिया, हिमांशु राजपूत, मोहित अरियाल, रितेश पांडेय, नंदन शाह, गौरव गोस्वामी, नागेश रावत, मनोज अग्रवाल आदि सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे।

