हरिद्वार जनपद की श्यामपुर पुलिस ने नकली नोट छापने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कार सवार नकली नोट छापने वाले तीन लोगों को दबोचा , जिनके पास से पुलिस ने 50 हजार के नकली नोट, एक लेपटॉप, दो प्रिंटर, पांच मोबाइल फोन, चार असली पांच सौ के नोट बरामद किये है। जिसका खुलासा एसपी अपराध निशा यादव ने एसपी कार्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान किया। इस दौरान एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, सीओ श्यामपुर प्रशिशु अवनी तिवारी भी मौजूद रहे।
उन्होंने बताया कि 27 जून को श्यामपुर पुलिस ने क्षेत्र से 500-500 के 52,500 के नकली नोटों के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। जिन्होंने पूछताछ के दौरान अपने गिरोह के सम्बंध में अहम जानकारी पुलिस से साझा की थी।
पुलिस टीम नकली नोट गिरोह के अन्य सदस्यों को दबोचने के प्रयास में जुटी थी। इसी दौरान पुलिस टीम को 29 जून की शाम को नकली नोट गिरोह के सम्बंध में अहम जानकारी हाथ लगी, जिसपर पुलिस ने कार्यवाही करते हुए लालढांग तिराहे पर घेराबंदी कर कार सवार गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। जिनके पास से पुलिस टीम ने 50 हजार के नकली नोट, एक लेपटॉप, दो प्रिंटर, पांच मोबाइल फोन, चार असली पांच सौ के नोट और एक कार बरामद की है।
एसपी अपराध ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना नाम देवेन्द्र कुमार पुत्र अशोक कुमार निवासी सरदारपुर छांमली थाना बड़ापुर जिला बिजनौर, गुलजार अहमद पुत्र अब्दुल हमीद निवासी टांडा सिक्कावाला थाना बड़ापुर जिला बिजनौर और शगुन जोशी पुत्र पवन जोशी निवासी लालढांग थाना श्यामपुर जिला हरिद्वार बताते हुए खुलासा किया कि गुलजार आनलाईन नकली नोट छापने वाला पेपर मंगाता था, शगुन असली नोट से फोटो खींचकर उसे साप्टवेयर एवं एप की मदद से गुणवत्ता को बढ़ाता था, जिससे की नोट का प्रिन्ट सही आये।
एसपी अपराध निशा यादव ने बताया कि तीसरे आरोपी देवेन्द्र ने खुलासा किया कि इससे पहले उसने और गुलजार ने मिलकर बड़ापुर बिजनौर में भी करीब 01 लाख रूपये के नकली नोट छापे थे, उसमें से कुछ नोट खराब हो गये थे, लेकिन करीब 60 हजार रूपये के नकली नोट उन्होंने बाजार में चलाये थे। जिसके बाद उनका लालच और बढ़ गया। इसलिये देवेन्द्र व गुलजार ने अपने साथ देवेन्द्र के जीजा शिवम व नोट की गुणवत्ता बढ़ाने के लिये शगुन जोशी को अपने गैंग में शामिल किया था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज कर मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। पुलिस नकली नोट छापने के मामले में गिरोह के कुल 6 सदस्यों को गिरफ्तार कर चुकी है।
नकली नोट छापने वाले गिरोह को दबोचने वाली टीम में सीओ प्रशिक्षु एवं कोतवाली श्यामपुर प्रभारी सुश्री अवनी तिवारी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक मनोज रावत, चौकी लालढांग प्रभारी मोहन कठैत, कांस्टेबल राहुल देव, कांस्टेबल सुदेश खरोला और कांस्टेबल सुशील चौहान शामिल रहे।

