उत्तरी हरिद्वार में कुछ युवकों पर हाथियों को नजदीक से देखने की चाहत पड़ गई भारी ।

समस्या हरिद्वार

हरिद्वार आने वाले पर्यटक कभी कभी ऐसी उटपटांग हरकतें करते हैं कि उनकी जान जोखिम में पड़ जाती है। ऐसी ही एक घटना में उत्तरी हरिद्वार के सप्त ऋषि क्षेत्र में जंगली हाथियों के साथ सेल्फी लेने  का शौक पंजाब के युवकों पर भारी पड़ गया जब वो सप्तऋषि घाट क्षेत्र में गंगा पार कर हाथियों के झुंड के करीब पहुंच गए,जैसे ही हाथियों ने उन्हें देखा  वे आक्रामक हो गए और युवकों के पीछे दौड़ पड़े।


कल बुधवार शाम की घटना बताई जा रही है जिसमें बताया जा रहा है कि हरियाणा-पंजाब से गंगा स्नान के लिए आए छह सात युवक सप्तऋषि घाट के सामने गंगा में नहा रहे थे। इसी दौरान उन्हें नदी के दूसरी ओर 8 से 10 हाथियों का झुंड दिखाई दिया, जिसमें शिशु हाथी भी शामिल थे। रोमांच और सेल्फी के चक्कर में युवक गंगा पार कर हाथियों के  करीब पहुंच गए और फोटो व वीडियो बनाने लगे।
युवकों की इस हरकत से हाथी कुपित हो गए और उनकी ओर दौड़ पड़े। हाथियों को अपनी तरफ आते देख युवकों में अफरा-तफरी मच गई और वे जान बचाने के लिए अलग-अलग दिशाओं में भागने लगे। दो युवक हाथियों के काफी नजदीक पहुंच गए थे, जिससे उनकी जान पर बन आई, लेकिन उन्होंने तेजी से दौड़कर सुरक्षित  खुद को बचा लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पूरा घटनाक्रम इतना अचानक हुआ कि वहां मौजूद लोगों की सांसें थम गईं। सप्तऋषि घाट पर मौजूद एक युवक ने इस रोमांचक और खतरनाक घटना को अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *