उत्तराखंड जल संस्थान के कर्मचारियों ने लंबित मांगों को लेकर धरना दिया, आंदोलन तेज करने की दी चेतावनी।

समस्या हरिद्वार

उत्तराखंड जल संस्थान कर्मचारी संगठन की शाखा से जुड़े कर्मचारियों ने लंबित मांगों पर सुनवाई न होने नाराज होकर आज मंगलवार को अधिशासी अभियंता कार्यालय परिसर में धरना प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने विभागीय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मांगों का शीघ्र समाधान करने की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कर्मचारी कार्यालय परिसर में धरने पर बैठे रहे। धरने की अध्यक्षता शाखा अध्यक्ष रघुवीर सिंह रावत व संचालन शाखा सचिव अमित कुमार ने किया। संगठन के गढ़वाल मंडल अध्यक्ष प्रवीण सैनी ने कहा कि पूर्व में सौंपे गए मांग पत्र को 15 दिन से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन विभाग की ओर से कोई संतोषजनक जवाब या कार्रवाई नहीं की गई। इससे कर्मचारियों में रोष व्याप्त है। उनकी प्रमुख मांगो में राजस्व वसूली कार्य करने वाले कर्मचारियों के अतिकाल भुगतान के लिए 40 घंटे की बाध्यता समाप्त कर लंबित भुगतान किया जाए। संविदा कर्मचारी धनीराम का विनियमितीकरण शीघ्र किया जाए। कर्मचारियों को वर्दी मद का भुगतान किया जाए। वर्ष 2025-26 का मानदेय जल्द जारी किया जाए। 10 वर्ष की सेवा पूरी कर चुके कर्मचारियों को एसीपी का लाभ और एरियर भुगतान दिया जाए। शाखा में पंजीकृत ठेकेदारों की सूची संगठन को उपलब्ध कराई जाए। अर्धकुंभ मेला-2027 के प्रस्तावों में नलकूपों की मरम्मत को शामिल किया जाए। देवपुरा स्थित संगठन भवन की मरम्मत कराई जाए। रघुवीर सिंह रावत ने कहा कि कर्मचारियों की जायज और मूलभूत समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है। यदि जल्द ही मांगों पर ठोस और सम्मानजनक निर्णय नहीं लिया गया तो संगठन आंदोलन को और उग्र करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी जिम्मेदारी विभागीय प्रशासन की होगी। प्रदर्शन में संजय कुमार शर्मा, अमित गोयल, श्यामा प्रसाद, दीवाकर, रमेश कुमार, स्वदेश कुमार, अंकित कुमार, सुशील पटवाल, बाकर मोहम्मद रजा और संजय सिंह समेत कई कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *